भारतीय अभिमानी, डोकलाम में सड़क बनाते रहेंगे: चीन

punjabkesari.in Monday, Oct 09, 2017 - 10:39 PM (IST)

पेइचिंग: भारत और चीन के बीच डोकलाम सीमा विवाद पूरी तरह से थमता नहीं दिख रहा है। चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी के अखबार में छपे लेख में लिखा गया है कि पेइचिंग डोकलाम में सड़क और अन्य निर्माण कार्यों को जारी रखेगा। लेख में यह भी लिखा गया है कि इन निर्माण कार्यों पर भारत की कोई भी प्रतिक्रिया विचित्र है। लेख में भारतीय सोसायटी को पागलपन का शिकार और अभिमानी भी बताया गया है। 

यह लेख बीते हफ्ते आई उन रिपोर्ट्स के जवाब में लिखा गया है जिनमें कहा गया था कि चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी ने चुंबी घाटी में एक सड़क का निर्माण शुरू किया है जोकि उस इलाके से महज 10 किलोमीटर दूर है जहां भारत और चीन के बीच महीनों विवाद रहा। हैरानी की बात यह है कि लेख में भारत सरकार के कथन को दोहराते हुए कहा गया कि डोकलाम में चीन ने कोई नया निर्माण कार्य नहीं किया है। हालांकि, इस इन्कार की वजह कुछ और थी। लेख के मुताबिक अभी निर्माण कार्य के लिए ठीक मौसम नहीं है। इसके अलावा यह भी दावा किया गया है कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह के निर्माण कार्य का पूरा अधिकार पेइचिंग के पास है। 

वहीं दूसरी ओर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के नाथुला का दौरा करने के बाद चीन ने आज कहा कि वह सीमावर्ती इलाकों में भारत के साथ संयुक्त रूप से शांति बनाए रखने को तैयार है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि चीनी पक्ष ऐतिहासिक संधियों और संबंधित समझौतों के आधार पर भारतीय पक्ष के साथ मिलकर सीमावर्ती इलाकों में शांति और सौहार्द बरकरार रखने का इच्छुक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News