डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, ''पूरी दुनिया पर लगाएंगे टैरिफ, देखते हैं क्या होगा''
punjabkesari.in Monday, Mar 31, 2025 - 05:54 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका अब दुनिया के सभी देशों पर टैरिफ (आयात शुल्क) लगाएगा। उन्होंने यह घोषणा अपने विशेष विमान एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की। ट्रंप ने कहा, "हम सभी देशों पर टैरिफ लगाएंगे और देखते हैं कि आगे क्या होता है।"
अब तक अमेरिका केवल उन्हीं देशों पर टैरिफ लगाता था जो अमेरिकी सामान और सेवाओं पर ज्यादा शुल्क लगाते थे या जिनके साथ अमेरिका का व्यापार घाटे में था। लेकिन इस बार ट्रंप ने साफ कर दिया है कि यह नियम सभी देशों पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया ने अमेरिका को बहुत नुकसान पहुंचाया है, लेकिन अब अमेरिका अपनी नीति बदलेगा।
पहले ऐसी अटकलें थीं कि अमेरिका सिर्फ 10-15 देशों पर यह टैरिफ लगाएगा, जिन्हें "अनुचित व्यापार" करने वाला माना जाता था। लेकिन ट्रंप ने इन अफवाहों को गलत बताते हुए कहा कि यह सभी देशों पर लागू होगा, कोई अपवाद नहीं होगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि जो देश अमेरिका पर शुल्क लगाते हैं, उनके साथ अमेरिका अब भी उदार रहेगा, लेकिन फिर भी टैरिफ लागू किया जाएगा। उन्होंने यह नहीं बताया कि यह टैरिफ कितना होगा, लेकिन यह संकेत दिया कि यह नीति अमेरिका के लिए बड़े आर्थिक बदलाव ला सकती है।