ईद से पहले लीबिया में मॉल के बाहर ब्लास्ट व नॉर्वे की मस्जिद में गोलीबारी, 3 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Aug 11, 2019 - 10:12 AM (IST)

बेनगाजीः लीबिया के बेनगाजी शहर में एक शॉपिंग मॉल के बाहर विस्फोटकों से लदे एक वाहन में विस्फोट से संयुक्त राष्ट्र के कम से कम तीन कर्मियों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। देश में यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब युद्धरत पक्षों ने कहा था कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रस्तावित संघर्षविराम स्वीकार कर लिया है जिसका मकसद आगामी ईद-उल-अज़हा के मौके पर राजधानी त्रिपोली में हमले रोकना है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट अरकान मॉल के पास हुआ जहां लोग ईद से पहले खरीदारी करने आए थे।

PunjabKesari

बेनगा जी नगर निगम ने बताया कि हमला लीबिया में ‘संयुक्त राष्ट्र सपोर्ट मिशन' को निशाना बनाकर किया गया था। स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनका नाम गोपनीय रखे जाने की शर्त पर बताया कि मृतकों में से एक लीबिया का नागरिक है। विस्फोट में 9  लोग घायल हुए हैं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतानियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक बयान में बताया कि घायलों में तीन संयुक्त राष्ट्र कर्मी हैं।  इस हमले की जिम्मेदारी अभी किसी संगठन ने नहीं ली है।

PunjabKesari

उधर,  नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में कई हथियारों से लैस एक हमलावर ने एक मस्जिद के समीप गोलीबारी की जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। नॉर्वे पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को गोलीबारी करने वाले हमलावर को एक उम्रदराज व्यक्ति ने काबू में कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बीच, पुलिस ने शनिवार शाम को बताया कि हमले के कुछ घंटों बाद बेइरम उपनगर में एक घर से संदिग्ध हमलावर की परिचित एक युवती का शव मिला। बेइरम में ही गोलीबारी हुई थी। जांचकर्ताओं ने युवती की मौत के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

PunjabKesari

मस्जिद के इमाम इरफान मुश्ताक ने हमलावर को श्वेत युवक बताया जिसने काले कपड़े पहने हुए थे और उसने एक हेलमेट तथा बुलेटप्रूफ जैकेट भी पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि हमले के समय अल नूर इस्लामिक केंद्र में केवल तीन लोग ही मौजूद थे। मुश्ताक ने बताया कि बंदूकधारी को काबू करने वाले व्यक्ति की उम्र 75 वर्ष है और वह नमाज के बाद कुरान पढ़ रहा था। पुलिस को घटना के फौरन बाद सूचना दे दी गई। ओस्लो पुलिस के प्रवक्ता रुन स्जोल्ड ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘‘यह नॉर्वे का युवक है और उसकी पृष्ठभूमि भी यहीं की है। वह पड़ोस के इलाके में ही रहता है।'' यह हमला हज के समापन के मौके पर मनाई जाने वाली ईद-उल-अज़हा से पहले हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News