US- Iran War: ईरान पर और तेज होंगे हमले,Trump बोले-‘पुतिन तेहरान की चुपचाप कर रहे मदद!’

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 10:25 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध अब तीसरे हफ्ते में पहुंच गया है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि आने वाले दिनों में ईरान पर अमेरिकी सैन्य हमले और तेज किए जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका की सेना ईरान के ठिकानों पर नए चरण के हमलों की तैयारी कर रही है। ट्रंप ने साफ कहा, “हम अगले हफ्ते उन्हें बहुत जोरदार तरीके से निशाना बनाएंगे।”

रूस पर ईरान की मदद करने का शक

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि रूस चुपचाप ईरान की मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शायद तेहरान को कुछ सहायता दे रहे हों। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि वह थोड़ी मदद कर रहे होंगे। शायद उन्हें लगता होगा कि हम यूक्रेन की मदद कर रहे हैं।” अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में भी दावा किया गया है कि रूस ने ईरान को ऐसी टारगेटिंग इंटेलिजेंस दी हो सकती है जिससे ईरान अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर सके।

रूसी तेल खरीद पर 30 दिन की राहत

इसी दौरान ट्रंप प्रशासन ने रूस से तेल खरीद पर लगे प्रतिबंधों में आंशिक 30 दिन की छूट भी दी है। यह फैसला वैश्विक ईंधन कीमतों को काबू में रखने के लिए लिया गया बताया जा रहा है, क्योंकि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई के बाद तेल की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं।

ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को मारने का लिया श्रेय

शुक्रवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान के नेतृत्व को हालिया हमलों में मार गिराने का श्रेय भी लिया। उन्होंने कहा कि ईरान के नेताओं को मारना उनके लिए “एक बड़ा सम्मान” है और उन्हें “खतरनाक अपराधी” बताया।

अमेरिका करेगा अब तक का सबसे बड़ा हमला

इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री Pete Hegseth ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शुक्रवार को अमेरिकी सेना ईरान पर अब तक के युद्ध में सबसे भारी बमबारी कर सकती है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी के हमले में घायल हो गए थे और संभव है कि उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई हो। उसी हमले में उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News