लेबनान के हेल्थ सेंटर पर हमला: 14 हेल्थ वर्कर्स की मौत, WHO प्रमुख ने जताई चिंता

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 06:00 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने शनिवार को जानकारी दी कि लेबनान के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हमले में कई स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो गई है। WHO के मुताबिक शुक्रवार देर रात दक्षिणी लेबनान के बुर्ज कलाउइयेह (Bourj Qalaouiyeh) इलाके में स्थित एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हमले में 12 डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स मारे गए।


24 घंटे में 14 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत

टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी लेबनान में कुल 14 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हुई है, जो मध्य पूर्व में बढ़ते संकट का एक बेहद दुखद और चिंताजनक संकेत है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही इससे पहले दक्षिणी लेबनान के अल सवाना (Al Sowana) क्षेत्र में एक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र पर हमले में दो पैरामेडिक्स भी मारे गए थे।

इजरायल-हिजबुल्लाह संघर्ष से बढ़ा संकट

यह घटनाएं ऐसे समय पर हुई हैं जब इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल ने हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर बमबारी अभियान शुरू किया है। इस अभियान में अब तक 770 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।

सीमा पार से हिजबुल्लाह के रॉकेट हमले

इजरायली हमलों के जवाब में हिजबुल्लाह ने भी सीमा पार से सैकड़ों रॉकेट दागे हैं। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह संघर्ष इसी तरह बढ़ता रहा तो यह पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में बड़े युद्ध का रूप ले सकता है, जिससे मानवीय संकट और गहरा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News