रूसी अंतरिक्ष यान हुआ बेकाबू, धरती पर मंडरा रहा है बड़ा खतरा

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2015 - 05:51 PM (IST)

मास्कोः रूस का एक मानवरहित अंतरिक्ष यान काबू से बाहर हो गया है और अब यह धरती की ओर आ रहा है। यह अंतरिक्ष यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन  तक जरूरी सपलाई लेकर जा रहा था। बेकाबू हुए इस अंतरिक्ष यान के धरती पर गिरने का खतरा मंडरा रहा है।

माना जा रहा है कि यह यान कभी भी धरती पर गिर सकता है। इसके बचने की उम्मीद बेहद कम बताई जा रही है। अंतरिक्ष यान की यह विफलता रूसी अंतरिक्ष एजेंसी ‘रोकोस्मॉस’ के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस समय चीन के दौरे पर पहुंचे रूस के उप प्रधानमंत्री और अंतरिक्ष अभियान की कमान संभालने वाले दिमित्री रोगोजिन ने ट्विटर के जरिए चिंता जताते हुए कहा कि वह लगातार यान पर नजर रखे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि रूसी यान सोयूज के जरिए मंगलवार को ही प्रोग्रेस एम-27एम नाम के इस अंतरिक्षयान को सफलतापूर्वक लांच किया गया था, जिस पर आई.एस.एस. पर मौजूद 6 अंतरिक्ष यात्रियों के लिए तकरीबन ढाई टन खाने के जरूरी सामान और उपकरण थे। मगर, जल्द ही इसमें खराबी आ गई और यह भटककर गलत कक्षा में प्रवेश कर गया। 

बाद में इसका संपर्क अंतरिक्ष केंद्र से भी टूट गया। रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के प्रवक्ता मिखाइल फेदेयेव ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि विशेषज्ञों के मुताबिक नियंत्रण खोने के बावजूद यह अंतरिक्ष यान धरती पर कहां गिरेगा, इस बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं दी जा सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि अंतरिक्ष से धरती के वायुमंडल के संपर्क में आते ही यान के ज्यादातर हिस्से जलकर खाक हो जाएंगे।

फिलहाल अपने यान के गिरने के बारे रूसी अंतरिक्ष एजेंसी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि रूसी अंतरिक्ष एजेंसी से जुडे़ एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘यह गिरना शुरू हो गया है। यह कहीं भी जा सकता है। यह साफ है कि अब यह यान पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो चुका है। 

2011 में भी इसी तरह के एक खर्चीले उपग्रह और आपूर्ति यान को भी विफलता का सामना करना पड़ा था। लांच होने के कुछ देर बाद ही यह यान साइबेरिया में जा गिरा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News