पाकिस्तान में 2 विदेशी महिलाओं को बंधक बनाकर कई बार गैंगरेप, विदेश मंत्री इशाक के रिश्तेदार निकले आरोपी

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 01:53 PM (IST)

Islamabad: पाकिस्तान के लाहौर में दो विदेशी महिला पर्यटकों के कथित अपहरण, गैंगरेप, लूट और फिरौती के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी मुहम्मद रजा डार को पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पीड़िताओं की पहचान नीदरलैंड की स्टेफनी एड्रियाना मो-असीम और वेनेजुएला की एस्ट्रिड रॉबिन्सन ब्राचो के रूप में हुई है। दोनों 29 जून को पाकिस्तान पहुंची थीं। जांच एजेंसियों का दावा है कि उनकी मुलाकात अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में मुहम्मद रजा डार से हुई थी, जिसने उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया और वीजा प्रक्रिया में भी मदद की।

 

पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं को लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) इलाके के एक मकान में ले जाकर कथित तौर पर बंधक बनाया गया। आरोप है कि वहां उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया, लूटपाट की गई और चाकू व हथियार दिखाकर धमकाया गया। आरोपियों ने पीड़िताओं के परिवार से 15 लाख अमेरिकी डॉलर की फिरौती भी मांगी। मामला तब सामने आया जब स्पेन में मौजूद एक पीड़िता के पिता ने लाहौर पुलिस की आपातकालीन हेल्पलाइन पर बेटी के लापता होने और फिरौती मांगे जाने की सूचना दी।

 

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पाकिस्तान में नीदरलैंड के राजदूत भी सक्रिय हुए।  रिपोर्टों के मुताबिक मेडिकल जांच में दुष्कर्म के संकेत मिले हैं। पुलिस फरार पांचवें आरोपी अली डार की तलाश कर रही है। इस मामले पर पाकिस्तान के सीनेटर फैसल वावडा ने इसे "राष्ट्रीय शर्म" करार देते हुए विदेश मंत्री इशाक डार के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले को दबाने और पीड़िताओं को जल्द देश से भेजने की कोशिश कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News