पाकिस्तान : बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, एक महिला समेत 10 आतंकवादी ढेर

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 06:48 PM (IST)

बलूचिस्तान : पाकिस्तान के सुरक्षा बलों की कार्रवाई में बलूचिस्तान में 10 आतंकवादी मारे गये। सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सुरक्षा बलों ने तटीय शहर ग्वादर में एक निर्माण कंपनी पर हमले के बाद एक अभियान भी चलाया। सेना की मीडिया इकाई 'इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस' (आईएसपीआर) ने बताया कि ये मुठभेड़ बृहस्पतिवार को गब्द सीमा चौकी और ग्वादर शहर के आसपास के इलाकों में हुईं। मारे गए लोगों में एक महिला भी शामिल थी।

आईएसपीआर के अनुसार, आतंकवादियों ने विकास कार्यों को बाधित करने और सरकार के अधिकार को कमजोर करने के इरादे से ग्वादर में कई स्थानों पर हमला किया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने शहर और उसके आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया और दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 10 आतंकवादियों को मार गिराया। 

आईएसपीआर ने कहा, ''इन स्थानों को निशाना बनाकर आतंकवादियों ने उन्हीं लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिनका वे प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं। वे बलूचिस्तान के विकास और समृद्धि में बाधा डालना चाहते थे।'' इसने कहा कि हमलों के दौरान एक आम नागरिक की मौत हो गई और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये।

क्षेत्रफल के लिहाज से पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में लंबे समय से विद्रोह जारी है। अलगाववादी समूह सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को निशाना बनाते रहे हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में आईएसपीआर ने बताया था कि बलूचिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाये गये अभियानों के दौरान सेना का एक मेजर और चार आतंकवादी मारे गये थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News