अमेरिका के मिनियापोलिस में भीषण गोलीबारी: 1 की मौ'त, दो पुलिसकर्मियों समेत 5 लोग घायल; यूनिवर्सिटी में लॉकडाउन

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 05:54 AM (IST)

वाशिंगटन/मिनियापोलिस: अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर में बुधवार शाम को हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिस अधिकारियों सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ने पुष्टि की है कि गोलीबारी के बाद अस्पताल में कुल छह मरीजों को लाया गया था, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में घायल होने वालों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे घटना स्थल '15 ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट' के आस-पास के क्षेत्र में जाने से बचें।

इलाके को पुलिस ने घेरा, यूनिवर्सिटी में लगा लॉकडाउन

यह वारदात बुधवार शाम करीब 5:45 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई, जिसके तुरंत बाद दर्जनों पुलिस वाहन और सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके को घेर लिया। जिस जगह यह गोलीबारी हुई है, उसके आस-पास एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स, मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर, कई होटल और एक अस्पताल स्थित हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पास में ही स्थित 'यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट थॉमस' के मिनियापोलिस कैंपस को तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन कर दिया गया।

गवर्नर टिम वाल्ज ने जताई चिंता

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी सार्वजनिक सुरक्षा टीम स्थिति पर पैनी नजर रख रही है और राज्य के अधिकारी जमीनी स्तर पर राहत और सुरक्षा कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "हम डाउनटाउन मिनियापोलिस में हमारे पड़ोसियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुस्तैदी से काम कर रहे कानून प्रवर्तन कर्मियों के आभारी हैं। मिनेसोटा हमारे फर्स्ट रिस्पोंडर्स के लिए प्रार्थना कर रहा है।"

FBI और ATF की टीमें मौके पर तैनात

वारदात की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी संघीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। 'ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स' (ATF) ने बताया कि ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट और साउथ मार्क्वेट के पास एक सक्रिय शूटर की सूचना मिलने के बाद उनके विशेष एजेंट मौके पर मोर्चा संभाल रहे हैं।

इसके साथ ही, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक कश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "एफबीआई मिनियापोलिस में कानून प्रवर्तन कर्मियों के साथ हुई इस गोलीबारी की घटना से पूरी तरह अवगत है और हमारे कर्मी मौके पर कार्रवाई कर रहे हैं। हम स्थानीय अधिकारियों की सहायता के लिए हर आवश्यक और संभावित संसाधन उपलब्ध कराएंगे।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News