Vibe Review: कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की जोड़ी ने मचाया धमाल, एक्शन-कॉमेडी का दिखा जबरदस्त तड़का

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 10:28 AM (IST)

फिल्म- वाइब (Vibe)
स्टारकास्ट- कुणाल खेमू (Kunal Kemmu), प्रीति जी जिंटा (Preity Zinta), स्पर्श श्रीवास्तव (Sparsh Shrivastava), वंशिका धीर (Vanshika Dhir), यशपाल शर्मा (Yashpal Sharma), दिनेश लाल यादव (Dinesh Lal Yadav)
डायरेक्टर- कुणाल खेमू (Kunal Kemmu)
रेटिंग- 3.5*

Vibe: कुणाल खेमू की मच-अवेटेड फिल्म ‘वाइब’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में कुणाल खेमू के साथ स्पर्श श्रीवास्तव, प्रीति जिंटा और वंशिका धीर अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। एक्शन और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म का निर्देशन कुणाल खेमू ने किया है। फिल्म में कुणाल और स्पर्श की जोड़ी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करती नजर आ रही है। तो चलिए जानते हैं कि कैसी है फिल्म ‘वाइब’।

कहानी
फिल्म ‘वाइब’ की कहानी दो दोस्तों हार्दिक और बग्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी सामान्य जिंदगी जी रहे होते हैं। दोनों की जिंदगी में अचानक उस समय बड़ा बदलाव आता है, जब उन्हें देश के सामने आए एक गंभीर खतरे से जुड़े मिशन का हिस्सा बनना पड़ता है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों न तो ऐसे किसी मिशन के लिए तैयार हैं और न ही उन्हें इस तरह के खतरों से निपटने का कोई अनुभव है।

प्रीति जिंटा फिल्म में मैडम एच के किरदार में नजर आती हैं, जो हार्दिक और बग्स को इस खतरनाक मिशन पर भेजती हैं। मिशन के दौरान दोनों दोस्तों को कई मुश्किलों और खतरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। क्या हार्दिक और बग्स इस खतरे को रोकने में कामयाब होते हैं या नहीं, यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

एक्टिंग
फिल्म में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की जोड़ी सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। दोनों के बीच की दोस्ती, मजेदार नोकझोंक और कॉमिक टाइमिंग फिल्म को मनोरंजक बनाए रखती है। कुणाल खेमू अपने किरदार में काफी सहज नजर आए हैं, वहीं स्पर्श श्रीवास्तव ने भी अपनी अदाकारी और कॉमेडी से उनका अच्छा साथ दिया है। प्रीति जिंटा ने मैडम एच के मजबूत और एक्शन से भरपूर किरदार में पर्दे पर दमदार वापसी की है। उनका अंदाज फिल्म में ताजगी लेकर आता है। वंशिका धीर, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव भी अपनी-अपनी भूमिकाओं में जंचते हैं और कहानी को मजबूती देते हैं।

म्यूजिक
फिल्म का म्यूजिक इसकी कहानी और तेज रफ्तार के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। गाने मनोरंजक हैं, वहीं बैकग्राउंड स्कोर एक्शन और कॉमेडी वाले दृश्यों को ज्यादा प्रभावशाली बनाता है। खासकर रोमांच से भरपूर सीन्स में म्यूजिक दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखता है। हालांकि सभी गाने लंबे समय तक याद रहने वाले नहीं हैं, लेकिन फिल्म की एनर्जी को बनाए रखने में म्यूजिक अहम भूमिका निभाता है।

डायरेक्शन
फिल्म का निर्देशन कुणाल खेमू ने किया है। ‘मडगांव एक्सप्रेस’ के बाद कुणाल ने एक बार फिर साबित किया है कि कॉमेडी और अलग-अलग किरदारों के बीच सही तालमेल बनाने पर उनकी अच्छी पकड़ है। फिल्म में एक्शन, कॉमेडी, रोमांस और म्यूजिक को संतुलित तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है।

कुछ जगहों पर कहानी थोड़ी खिंची हुई लगती है और कुछ घटनाओं का अंदाजा पहले ही हो जाता है, लेकिन मजेदार डायलॉग्स, कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग और एक्शन सीक्वेंस दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं। कुल मिलाकर ‘वाइब’ दोस्तों के साथ देखी जाने वाली एक मनोरंजक एक्शन-कॉमेडी फिल्म है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News