Netflix के 10 साल पूरे होने पर ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का भव्य प्रीमियर, रेड कार्पेट पर जुटे सेनाओं के प्रमुख
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 05:24 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने 10 साल पूरे होने के मौके पर अपनी बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का भव्य प्रीमियर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया। यह प्रीमियर कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि पहली बार भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के प्रमुख एक साथ किसी प्रीमियर के रेड कार्पेट पर नजर आए। कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल धीरज सेठ समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। इस खास मौके पर कारगिल युद्ध के वीर सैनिक, रियल गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के सदस्य, सीरीज की कास्ट और क्रू भी शामिल हुए। नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
टेड सारंडोस ने भारत में नेटफ्लिक्स के 10 साल के सफर को किया याद
प्रीमियर समारोह नेटफ्लिक्स के भारत में एक दशक पूरे होने का जश्न भी बना। इस दौरान टेड सारंडोस ने भारत में नेटफ्लिक्स के सफर और भारतीय कहानियों को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की कंपनी की प्रतिबद्धता पर बात की। उन्होंने ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को नेटफ्लिक्स इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी प्रोडक्शन बताया। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस प्रोजेक्ट से भारतीय अर्थव्यवस्था में 24 मिलियन डॉलर से अधिक यानी करीब 215 करोड़ रुपये का योगदान हुआ है।
रक्षा नेतृत्व ने की सीरीज की तारीफ
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक विशेष वीडियो संदेश के जरिए ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की टीम की सराहना की। उन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के सामने आई चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों का जिक्र करते हुए बताया कि जवानों ने 15,000 से 18,000 फीट की ऊंचाई पर बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन को अंजाम दिया था। वहीं, चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने भी इस कहानी को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए नेटफ्लिक्स की तारीफ की। उन्होंने कारगिल युद्ध को भारतीय वायुसेना के साथ-साथ वैश्विक सैन्य विमानन के लिए भी एक निर्णायक अध्याय बताया।
शान की देशभक्ति से सजी शाम, ‘आजमा ले’ परफॉर्मेंस ने बांधा समां
प्रीमियर के दौरान मशहूर गायक शान ने देशभक्ति से भरे गीतों की विशेष प्रस्तुति दी। उनकी परफॉर्मेंस ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी। वहीं, अभिनेता तारुक रैना ने ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ के हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘आजमा ले’ पर परफॉर्म किया। इससे कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों को सीरीज के संगीत और भावनात्मक पक्ष की भी झलक देखने को मिली।
कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना के साहस की कहानी है ‘ऑपरेशन सफेद सागर
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की भूमिका और उसके साहस की अनकही कहानी को पर्दे पर पेश करती है। सीरीज की कहानी भारतीय वायुसेना के कुछ युवा अधिकारियों और गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में कठिन मिशनों, दबाव, साहस और बलिदान को दिखाया गया है। सीरीज सिर्फ युद्ध और हवाई अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे मौजूद सैनिकों के मानवीय अनुभवों को भी सामने लाती है। निर्देशक ओनी सेन और उनकी टीम ने इस ऐतिहासिक अध्याय को प्रामाणिक तरीके से पर्दे पर उतारने के लिए व्यापक रिसर्च की है।
Netflix पर स्ट्रीम हो रही है ‘ऑपरेशन सफेद सागर’
भव्य प्रीमियर के बाद ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 7 अगस्त 2026 से नेटफ्लिक्स पर एक्सक्लूसिव स्ट्रीम हो रही है। यह सीरीज कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के साहस और गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की बहादुरी को एक सिनेमाई अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करती है।
