''ऑपरेशन सफेद सागर'' की टीम की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सराहना,बोले-''नई पीढ़ी तक पहुंचेगी...''

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 04:08 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। कारगिल युद्ध में भारतीय वायु सेना के अदम्य साहस और शौर्य पर आधारित वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' की स्पेशल स्क्रीनिंग में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल हुए। हालांकि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में मौजूद नहीं हो सके। ऐसे में उन्होंने सीरीज की पूरी टीम के लिए एक विशेष वीडियो संदेश भेजा और भारतीय वायु सेना के वीर जवानों की प्रेरणादायक कहानी को प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए निर्माताओं की सराहना की।

'आपने वीरता और विरासत को संजोकर रखा'
अपने वीडियो संदेश में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "आप सभी बहुत प्रशंसा के पात्र हैं। आपने 'ऑपरेशन सफेद सागर' को इतनी जीवंतता और सच्चाई के साथ प्रस्तुत किया है। इस वेब सीरीज के जरिए आपने कारगिल युद्ध की यादों को फिर से जीवंत कर दिया है। भारतीय वायु सेना ने उस युद्ध की दिशा और दशा बदल दी थी और यह सीरीज उनके साहस को सच्ची श्रद्धांजलि है।" उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 1999 तक दुनिया की किसी भी वायु सेना ने 15,000 से 18,000 फीट की ऊंचाई पर इस तरह का कॉम्बैट ऑपरेशन नहीं किया था। भारतीय वायु सेना ने असाधारण साहस का परिचय दिया और यह सीरीज उसी वीरता और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी की तारीफ
इस मौके पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी वेब सीरीज की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय वायु सेना की भूमिका को इतने प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने इस ऐतिहासिक कहानी को स्क्रीन पर लाने के लिए नेटफ्लिक्स और पूरी क्रिएटिव टीम की तारीफ की। राजनाथ सिंह ने भी अपने संदेश के अंत में विश्वास जताया कि यह सीरीज युवाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान से परिचित कराएगी।

आज से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई 'ऑपरेशन सफेद सागर'
'ऑपरेशन सफेद सागर' का निर्देशन ओनी सेन ने किया है, जबकि इसे अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने क्रिएट किया है। सीरीज का निर्माण मैचबॉक्स शॉट्स एलएलपी के संजय राउत्रे और सरिता पाटिल, तथा फील गुड फिल्म्स के महबूब पाल सिंह बराड़ ने किया है। इसमें सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्णव भसीन और अमृता बागची अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह बहुप्रतीक्षित सीरीज 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News