‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का ग्लोबल जलवा, Netflix की टॉप-10 लिस्ट में नंबर 2 पर पहुंची सीरीज
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 01:40 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। भारतीय वायुसेना के शौर्य और कारगिल युद्ध के एक अनकहे अध्याय पर आधारित सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को दुनियाभर में शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। Netflix की ग्लोबल टॉप-10 नॉन-इंग्लिश टीवी लिस्ट में यह सीरीज लगातार दूसरे हफ्ते अपनी जगह बनाए हुए है और इस सप्ताह नंबर 2 पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि सीरीज 40 देशों की टॉप-10 लिस्ट में शामिल हुई है, जबकि 10 देशों में इसने नंबर 1 स्थान हासिल किया है।
भारतीय वायुसेना के शौर्य की कहानी ने जीता दिल
छह एपिसोड वाली इस सीरीज में कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की भूमिका को बेहद करीब से दिखाया गया है। दमदार कहानी, शानदार परफॉर्मेंस और एरियल एक्शन के साथ सीरीज को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली है। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने भी सीरीज की तारीफ करते हुए इसे “बहुत करीब वास्तविकता के” बताया था। Matchbox Shots और Feel Good Films द्वारा निर्मित यह सीरीज भारतीय वायुसेना के उन जांबाजों को समर्पित है, जिन्होंने देश की सेवा में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा दिखाई।
MiG-21 की कहानी अब पर्दे पर लाएगी ‘द लास्ट सैल्यूट’
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में नजर आया भारतीय वायुसेना का प्रतिष्ठित MiG-21 अब अपनी अलग कहानी के साथ दर्शकों के सामने आएगा। सीरीज के मेकर्स ने ‘द लास्ट सैल्यूट’ नाम की डॉक्यूमेंट्री का ऐलान किया है। यह डॉक्यूमेंट्री भारतीय वायुसेना के साथ MiG-21 के 62 साल के गौरवशाली सफर को समर्पित होगी। इसमें एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के साथ उन पायलटों की यादें और अनुभव भी शामिल होंगे, जिन्होंने दशकों तक इस फाइटर जेट को उड़ाया। डॉक्यूमेंट्री में कुछ अनदेखे पल और अनकही कहानियां भी देखने को मिलेंगी।
26 अगस्त को Netflix पर होगी रिलीज
‘द लास्ट सैल्यूट’ का निर्माण Matchbox Shots ने किया है और इसका निर्देशन कुशल श्रीवास्तव ने किया है। यह डॉक्यूमेंट्री 26 अगस्त 2026 को Netflix पर प्रीमियर होगी। वहीं, ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ फिलहाल Netflix पर स्ट्रीम हो रही है। दोनों प्रोजेक्ट भारतीय वायुसेना के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय और उसमें शामिल जांबाजों व प्रतिष्ठित MiG-21 को श्रद्धांजलि देते हैं।
