''मिर्जापुर: द मूवी'' का धमाकेदार टीज़र रिलीज, 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 04:23 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार टीज़र रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। पहली बार 'मिर्जापुर' की चर्चित दुनिया ओटीटी प्लेटफॉर्म से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंच रही है। अपनी दमदार कहानी, जबरदस्त एक्शन और पूर्वांचल की सियासत से भरी इस फ्रेंचाइजी का नया अध्याय अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा।

4 सितंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं के अनुसार, 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी 'मिर्जापुर' सीरीज की मूल टाइमलाइन से जुड़ी होगी, लेकिन इसमें दर्शकों को एक नया और अनसुना अध्याय देखने को मिलेगा। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म पहले से कहीं अधिक बड़े स्केल, भव्य विजुअल्स और रोमांचक घटनाक्रम के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगी।

कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना की वापसी
टीज़र में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं। वहीं, सबसे बड़ा सरप्राइज जितेंद्र कुमार की एंट्री है, जो 'बबलू पंडित' के किरदार में वापसी करते दिखाई देंगे। इसके अलावा अभिनेता रवि किशन भी फिल्म का हिस्सा बने हैं, जिनकी मौजूदगी कहानी में एक नया और दिलचस्प मोड़ लाने वाली है। पूर्वांचल की गलियों से लेकर राजस्थान के रेगिस्तानों तक फैली यह कहानी पहले से कहीं अधिक भव्य अंदाज में पेश की जाएगी।

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान जैसे कई प्रतिभाशाली कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सभी कलाकार मिलकर 'मिर्जापुर' यूनिवर्स के एक नए और अनदेखे अध्याय को दर्शकों के सामने पेश करेंगे।

 

 

 

 

 

View this post on Instagram

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

A post shared by Excel Entertainment (@excelmovies)

एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज की पेशकश
'मिर्जापुर: द मूवी' को अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, जबकि कासिम जगमागिया और विशाल रामचंद्रानी सह-निर्माता के रूप में जुड़े हुए हैं। फिल्म को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, ताकि इसकी पहुंच और भी बड़े दर्शक वर्ग तक हो सके।

टीज़र ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता
टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। 'मिर्जापुर' के फैंस एक बार फिर कालीन भैया और गुड्डू पंडित की दुनिया में लौटने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर यह चर्चित फ्रेंचाइजी किस तरह नया इतिहास रचती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News