6 अगस्त को रिलीज होगा नानी स्टारर ''द पैराडाइज'' का बहुप्रतीक्षित टीजर

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 10:22 AM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार 'द पैराडाइज' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। नैचुरल स्टार नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। फिल्म के पहले लुक, दमदार प्रमोशनल कंटेंट और ब्लॉकबस्टर गाने 'आया शेर' ने रिलीज से पहले ही इसे चर्चा का केंद्र बना दिया है। अब मेकर्स ने फिल्म के बहुप्रतीक्षित टीजर की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। 'द पैराडाइज' का टीजर 6 अगस्त को रिलीज होगा।

6 अगस्त को आएगा दमदार टीजर
निर्देशक श्रीकांत ओडेला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टीजर की एक झलक साझा करते हुए लिखा, "द पैराडाइज का टीजर 6 अगस्त" वहीं, मेकर्स ने भी सोशल मीडिया पर टीजर का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "1 मिनट 35 सेकेंड का पागलपन तैयार है। #TheParadise का टीजर 6 अगस्त को रिलीज होगा। जादल ज़माना के लिए तैयार हो जाइए। माना जा रहा है कि यह टीजर फिल्म की अब तक की सबसे दमदार और चौंकाने वाली झलक पेश करेगा, जो इसके रॉ और बोल्ड अंदाज को सामने लाएगा।

'आया शेर' बना चार्टबस्टर
फिल्म का पहला गाना 'आया शेर' पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर चुका है। यह गाना यूट्यूब पर 20 करोड़ से अधिक व्यूज और 18 लाख से ज्यादा लाइक्स बटोर चुका है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स से लेकर सोशल मीडिया तक यह गाना ट्रेंड कर रहा है और इसे एक कल्चरल फिनॉमिना माना जा रहा है। गाने की सफलता ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

अनाउंसमेंट वीडियो ने भी बटोरी थी सुर्खियां
फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो ने भी अपने बोल्ड और रॉ टोन की वजह से काफी चर्चा बटोरी थी। वीडियो में एक प्रभावशाली डायलॉग और मुख्य किरदार की दमदार प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इसके बाद से ही फिल्म को लेकर लगातार बज बना हुआ है। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 21 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेज़ी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत कुल आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बड़े स्तर पर पेश करने के लिए मेकर्स ने हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से भी संपर्क किया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दमदार निर्देशन, शानदार स्टारकास्ट और बड़े विजन के साथ 'द पैराडाइज' को सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में अब सभी की निगाहें 6 अगस्त को रिलीज होने वाले इसके टीजर पर टिकी हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News