यश की ''टॉक्सिक'' रचेगी नया इतिहास, कर्नाटक में होगी अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 04:10 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' कर्नाटक में अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज़ के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को पूरे राज्य में रिकॉर्ड संख्या में स्क्रीन और शोज़ के साथ रिलीज़ किया जाएगा। खासतौर पर बेंगलुरु में पहले दिन रिकॉर्डतोड़ स्क्रीनिंग्स आयोजित की जाएंगी। मेकर्स का लक्ष्य कर्नाटक बॉक्स ऑफिस के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज करना है। इसके लिए सुबह के विशेष शो और अतिरिक्त स्क्रीनिंग्स भी रखी जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक दर्शक पहले दिन ही फिल्म देख सकें।
KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस की बड़ी रणनीति
फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने मिलकर किया है और कर्नाटक में इसका वितरण भी यही दोनों प्रोडक्शन हाउस संभालेंगे। इसे भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन रणनीतियों में से एक माना जा रहा है। बड़े पैमाने पर रिलीज़ की यह योजना फिल्म को पहले दिन से ही मजबूत बॉक्स ऑफिस शुरुआत दिलाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
पांच भाषाओं में होगी रिलीज़
गीतु मोहनदास द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ की गई है। इसके बाद इसे कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम सहित पांच भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा। फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण और यश ने KVN प्रोडक्शंस एवं मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया है।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। बड़े बजट और शानदार स्टारकास्ट से सजी 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
