‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 11:55 AM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ के वर्ल्डवाइड प्रीमियर की तारीख का ऐलान कर दिया है। अंबीएका पंडित के निर्देशन और अमिता व्यास के लेखन में बनी यह इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म 28 अगस्त से भारत समेत दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। फिल्म हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ उपलब्ध होगी।
फिल्म में निमिषा सयाजन, बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का निर्माण फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस ने एक्ट थ्री के साथ मिलकर किया है। सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्तरा और टीना थरवानी फिल्म के निर्माता हैं, जबकि सुदीप शर्मा इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।
हत्या की जांच से शुरू होगी कहानी
एक छोटे भारतीय शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कहानी निलंबित पुलिस अधिकारी बबीता, जिन्हें प्यार से बेबी कहा जाता है, के इर्द-गिर्द घूमती है। बेबी ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा दूसरों की जरूरतों और इच्छाओं को खुद से ऊपर रखते हुए बिताया है।
हालांकि, बचपन के एक दोस्त की हत्या उसके जीवन को पूरी तरह बदल देती है। इस घटना के बाद बेबी सच्चाई की तलाश में निकल पड़ती है। हत्या की जांच के दौरान उसका सामना न सिर्फ कई अनसुलझे सवालों से होता है, बल्कि उसे अपने अतीत, रिश्तों और खुद की पहचान को भी नए सिरे से समझने का मौका मिलता है।
फिल्म अपराध की जांच के साथ-साथ एक ऐसी महिला की व्यक्तिगत यात्रा को भी सामने लाती है, जो हमेशा दूसरों की मंजूरी और अपेक्षाओं के हिसाब से जीती रही, लेकिन अब अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की कोशिश करती है।
निमिषा सयाजन ने निभाया बबीता का किरदार
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स के निदेशक और प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि प्लेटफॉर्म ऐसी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश करता है, जो अलग होने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जुड़ाव पैदा करें। उनके मुताबिक, ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो दुख, रिश्तों और जिंदगी की जटिलताओं के बीच सच्चाई की तलाश करती है और अपनी आवाज दोबारा हासिल करने की कोशिश करती है।
उन्होंने फिल्म की क्रिएटिव टीम और कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा कि निमिषा सयाजन ने बबीता के किरदार को गहराई और प्रामाणिकता के साथ पर्दे पर उतारा है।
सुदीप शर्मा ने बताया फिल्म का असली केंद्र
एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुदीप शर्मा के मुताबिक, फिल्म की कहानी भले ही एक अपराध और हत्या की जांच के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन इसका असली केंद्र एक ऐसी महिला है, जिसने हमेशा खुद को दूसरों के हिसाब से ढाला है।
उन्होंने कहा कि निमिषा सयाजन ने इस किरदार को संवेदनशीलता और मजबूती के साथ निभाया है, जबकि बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर ने भी कहानी को गहराई दी है। सुदीप शर्मा इससे पहले ‘पाताल लोक’ के दोनों सीजन में प्राइम वीडियो के साथ काम कर चुके हैं।
28 अगस्त से देख सकेंगे फिल्म
फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस और एक्ट थ्री के सहयोग से बनी ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ को अंबीएका पंडित ने निर्देशित किया है और अमिता व्यास ने लिखा है। फिल्म में अपराध, पारिवारिक रिश्तों, भावनात्मक संघर्ष और आत्म-पहचान जैसे पहलुओं को एक इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा के जरिए पेश किया गया है।
