Weekly numerology (20th-26th June): जन्मतिथि से जानें, आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jun 20, 2022 - 07:58 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापस मिल सकता है। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों के लिए समय अच्छा है। व्यापार एवं कारोबार में तरक्की के योग बनते हैं। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। किसी महिला के साथ बातचीत के दौरान अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। सप्ताह के मध्य में कोई प्रेम संबंध जीवन में दस्तक दे सकता है। परिवारिक जिम्मेदारियों के कारण काम की तरफ कम ध्यान दे पाएंगे। शनिवार के दिन यात्रा करनी पड़ सकती है। व्यापार में मुनाफा होने के योग बनते हैं।
उपाय:-  शिवलिंग पर जल अभिषेक करें। गायत्री मंत्र का पाठ करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत शुभ फलों वाली रहेगी। आपका मन प्रसन्न रहेगा। पिछले कुछ समय से चली आ रही चिंताओं से मुक्ति मिलेगी। घर में छोटी-मोटी अनबन हो सकती है। सप्ताह के मध्य में व्यापारिक लेन-देन में सावधानी बरतें। अपनी वाणी पर संयम रखें। भावनाओं में आकर किसी को कोई वायदा न करें। घर खर्च पर नकदी धन व्यय करना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में संतान को लेकर चिंतित हो सकते हैं। सेहत का ख्याल रखें। पैरों का दर्द और कमर का दर्द परेशानी का कारण बन सकता है। किसी गलत संगति में जाने से बचें। मानसिक तनाव के चलते कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लें।
उपाय:- दही का दान मंदिर में करें। गाय को हरा चारा खिलाएं।  

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं।  मूलांक 3 वाले लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी।  विद्यार्थी अपनी शिक्षा पर ध्यान देंगे। कामकाज में भी सफलता मिलने के योग बनते हैं। सप्ताह के मध्य में घर के बड़े-बुजुर्गों की सेहत का ख्याल रखें। गले या सांस से संबंधित परेशानी हो सकती है। व्यापारिक लेन-देन में कोई शॉर्टकट अपनाने की कोशिश न करें अन्यथा उल्टा नुकसान हो सकता है। आप अपने रुके हुए कामों को हर संभव प्रयास करके पूरा करने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के अंत में आपका मन अध्यात्म की ओर आकर्षित हो सकता है। योग और व्यायाम को अपनाने की कोशिश करेंगे। अपने अधूरे कामों को यथासंभव मेहनत करके पूरा करें सफलता अवश्य मिलेगी।
उपाय:- चने की दाल मंदिर में दान करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में व्यापारिक निर्णय सोच-समझकर लें। व्यापारिक लेन-देन में सावधानी बरतें। जीवनसाथी को अपशब्द न कहें। रिसर्च और अनुसंधान के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। बुधवार का दिन आपके लिए शुभ है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेकर किया गया काम लाभ देगा। व्यापार में प्रमोशन के लिए अपनाए गए रास्ते लाभ देंगे। लेखन से जुड़े लोगों को भी सफलता मिलने के योग बनते हैं। सप्ताह के मध्य में दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में समय बिताएंगे। शनिवार का दिन आपके लिए विशेष शुभ है। व्यापारिक यात्राएं लाभदायक रहेंगी। सप्ताह के अंत में प्रॉपर्टी में निवेश करने की योजना बना सकते हैं।
उपाय:- एक हरा नारियल मंदिर में दान करें। जीवनसाथी को इत्र उपहार में दें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसतन रूप से सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा है। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। व्यापारिक लेन-देन में भी लाभ होगा। सप्ताह के मध्य में अपनी वाणी पर संयम रखें। भावनाओं में आकर किसी को कोई वायदा न करें। सूझ-बूझ से किए गए काम लाभ देंगे। संचार माध्यम आपके लिए लाभदायक साबित होंगे। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। सप्ताह के अंत में यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। कार्यभार बना रहेगा। खर्चे अधिक होंगे, जिसके कारण आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए कोशिश करेंगे।
उपाय:- गाय को हरा चारा खिलाएं, कन्या को भोजन करवाएं।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं।  मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। परिवारिक जीवन थोड़ा अस्त-व्यस्त हो सकता है। भावनाओं में आकर क्या करें और क्या न करें की स्थिति में फंसे रहेंगे। कार्यक्षेत्र पर काम की अधिकता बनी रहेगी। बेकार के वहम के कारण अपने संबंधों में खटास न आने दें। सप्ताह के मध्य का समय प्रेम संबंधों के लिए अच्छा रहेगा। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त आ सकते हैं। आप अपनी निजी जरूरतों पर खर्चा करेंगे। सप्ताह के अंत में जीवन साथी के साथ अपने मन की बातों को साझा करें। कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहते हैं तो विचार किया जा सकता है।
उपाय:-  गाय की सेवा करें। लक्ष्मी मां की आराधना करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में पैसा उधार देने से बचें। भावनाओं में आकर कोई फैसला न लें। मंगलवार के दिन आपका मन धर्म-कर्म के कामों में लगेगा। किसी धार्मिक स्थान की यात्रा पर जा सकते हैं। बच्चों के लिए भी समय अच्छा है। बुधवार के दिन नकदी धन निवेश करने की जरूरत महसूस होगी। हालांकि यह निवेश लाभकारी रहेगा। व्यापार में लाभ होने के योग बनते हैं। प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। शनिवार के दिन यात्राएं लगी रहेंगी। सप्ताह के अंत में कोर्ट-कचहरी के मामलों में समय बीतेगा। पुलिस के मामलों से दूरी बनाकर रखने की कोशिश करें।
उपाय:- गणेश भगवान की आराधना करें। छोटे बच्चों को खट्टी-मीठी टॉफी खिलाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। सोमवार का दिन मूलांक 8 वाले जातकों के लिए थोड़ा मंदा रहेगा। मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जीवन साथी के साथ संबंधों में खटास आ सकती है। कार्यक्षेत्र पर कामकाज के अधिकता बनी रहेगी। आप अपना हर संभव प्रयास करके अपने कामों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। किसी को कोई वायदा न करें अन्यथा लोग आपके शब्दों का गलत मतलब निकाल सकते हैं। सप्ताह के मध्य में अपने खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। जीवनसाथी पर और अपनी निजी जरूरतों पर धन व्यय होगा। परिवार के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। सप्ताह के अंत में काम इकट्ठे होने के कारण थोड़ा आलस्य महसूस करेंगे।
उपाय:-  सरसों के तेल का दीपक शनि मंदिर में जलाएं। काली गाय की सेवा करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह के फल सामान्य रहेंगे। सप्ताह की शुरूआत का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा है। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता मिलने के योग बनते हैं। अहंकार की भावना से दूर रहें। सप्ताह के मध्य में पुलिस के मामलों से दूरी बनाकर रखें। किसी मांगलिक कार्य के आयोजन में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। किसी को अपशब्द न कहें। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कोई शुभ कार्य करना चाहते हैं तो समय अनुकूल है। सप्ताह के अंत में संतान को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। बच्चों की सेहत का ख्याल रखें। वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें।
उपाय:-  हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं। लाल रंग का रुमाल अपने पास रखें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News