Weekly numerology (14- 20 September): जन्मतिथि से जानें आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2020 - 07:15 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। यह सप्ताह मूलांक 1 वालों के लिए शुभ फलप्रदायी साबित होगा। आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। छोटे भाई-बहनों से विशेष सहयोग की प्राप्ति होगी। कार्य की अधिकता के चलते सेहत को नजरअंदाज न करें। यदि सरकारी विभाग से सम्बंधित काम रुके हुए हैं तो थोड़ा प्रयास करें, इस सप्ताह सफलता मिलने की संभावना है। सप्ताह के मध्य में जीवनसाथी के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। सप्ताह के अंत में आप अपने काम बड़ी स्फूर्ति से पूरे कर लेंगे। मन पहले से बेहतर महसूस करेगा।
उपाय:- गाय को हरा चारा खिलाएं।
पीला रुमाल अपने पास रखें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए यह सप्ताह औसत फलप्रदायी रहेगा। माता पक्ष की ओर से मन परेशान रहेगा। विद्यार्थियों की एकाग्रता में कमी आ सकती है। पढ़ाई में मन कम लगेगा। मां व पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। किसी की व्यर्थ बहस में न पड़ें, स्वयं नुकसान में रहेंगे। किसी भी नतीज़े पर सोच-समझकर पहुंचे। हालांकि सप्ताह के अंत में परिस्थितियों में कुछ सुधार आएगा। आप पहले से शांत महसूस करेंगे। धन उपार्जन के नए मार्ग बन सकते हैं।
उपाय:- चावल की खीर बनाकर मंदिर में दान दें।
कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत का समय आप मौज-मस्ती में बिताएंगे। आपके रोजमर्रा की दिनचर्या में बदलाव आ सकता है। आलस्य के कारण आप कामों को बाद पर टालने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के मध्य का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातकों के लिए शुभ है। मन लगाकर अध्ययन करें, अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। आपके मित्र अच्छे सलाहकार साबित हो सकते हैं। सप्ताह के अंत में नौकरी व कारोबार में तरक्की के योग बनते हैं। आप काम के विस्तार पर भी विचार कर सकते हैं।
उपाय:- श्री विष्णुसहस्त्र नाम का पाठ करें।
पीपल वृक्ष को जल दें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। इस सप्ताह मूलांक 4 वाले व्यक्ति बहुत सी योजनाएं बनाएंगे। आपकी कल्पनाओं की दुनियां अपनी पराकाष्ठा पर होगी परन्तु आपको चाहिए कि योजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक मेहनत भी की जाए। सप्ताह के मध्य में आपको कुछ रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है। कोई भी काम परिस्थितियों के पूर्ण विश्लेषण के बाद ही करें। दोस्तों के बहकावे में न आएं। बाहरी दुनियां के दिखावे में आकर घरवालों से मतभेद की स्थिति उत्पन्न न करें। सप्ताह के अंत में आप स्वयं के साथ एक द्वंद महसूस करेंगे।
उपाय:- हनुमान चालीसा का पाठ करें।
मां सरस्वती की वंदना कर नीले फूल चढ़ाएं।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। प्रेम सम्बन्धों में मधुरता बढ़ेगी। आप जीवनसाथी के साथ खुशनुमा समय व्यतीत करेंगे। सप्ताह के मध्य में कुछ अनचाहे खर्चे बढ़ सकते हैं। घर में कोई मंगलकार्य होने के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत का समय कारोबार व व्यवसाय की दृष्टि से शुभ है। आप किसी प्रकार का नया निवेश करने की योजना भी बना सकते हैं। हालांकि वर्तमान स्थिति को देखते हुए हर संदर्भ से पूर्व आंकलन आवश्यक है।
उपाय:- गणेश भगवान की स्तुति कर दूर्वा अर्पित करें।
लाल रंग के वस्त्रों से परहेज़ करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। इस सप्ताह आपका ध्यान घर-परिवार, रिश्तों आदि के चारों तरफ ही घूमता रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में युवा जातकों के जीवन में कोई प्रेम सम्बन्ध दस्तक दे सकता है। हालांकि इस सबसे अलग आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है, किसी लड़ाई झगड़े में चेहरे पर चोट लग सकती है। आपका गुस्सा रिश्तों की गरिमा लांघ जाए ऐसा भी सम्भव है। आपसी अनबन हर जगह होती है, जरूरी है बातचीत करके परिस्थितियों को संभाल लेने की। यदि सप्ताह के अंत में आप अपने अहं में फंसे रह जाएंगे तो चीज़े ज्यादा उलझ सकती हैं।
उपाय:- मां लक्ष्मी को गुलाब का फूल अर्पित करें।
जीवनसाथी को इत्र भेंट करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह के फल मंदे रहेंगे। इस सप्ताह मां-बेटी के रिश्ते अच्छे हो सकते हैं। हालांकि दाम्पत्य सुखों में किसी वहम के चलते खटास पैदा हो सकती है। सप्ताह के मध्य में घर-परिवार में कोई मंगल कार्य होने के योग बनते हैं परंतु विघ्न-बाधाएं उत्पन्न होने की संभावना भी बनती है। सप्ताह के अंत का समय पहले से बेहतर रहेगा। नौकरी की तलाश कर रहे जातकों को सफलता मिलने के योग बनते हैं। सरकारी काम बनते नजर आएंगे। माता की सेहत का ख्याल रखें।
उपाय:- काला सफ़ेद कम्बल मंदिर में दान दें।
संतान को अपशब्द न कहें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातकों को इस सप्ताह अपनी जेब से ज़्यादा खर्च करना पड़ सकता है। कोई वाहन खरीदने के योग बनते हैं। आलस्य को त्याग दें, अन्यथा बने बनाएं काम अपने समापन पर आकर बिगड़ जाएंगे। छोटे भाई-बहनों के साथ मतभेद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। आपके कार्यक्षेत्र के उतार-चढ़ाव आपके निजी जीवन को आहत कर सकते हैं। मन कुछ परेशान रहेगा। परिस्थितियों के दबाव में आकर कोई ऐसा निर्णय न लें जो बाद में पछतावे का सबब बनें।
उपाय:- सरसों के तेल में छाया देख कर उसे शनि मंदिर में दान दें।
कोई लोहे या चमड़े का सामान न खरीदें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह औसत फलप्रदायी रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में कारोबार सम्बन्धी कुछ अवसरों की प्राप्ति के योग बनते हैं, ध्यान रखें, इन्हें हाथ से न जाने दें। किसी महिला के साथ विवाद में फंस सकते हैं, बेहतर है कि स्वयं के आचरण व शब्दों को अच्छा रखें। आपको चाहिए कि घर में सेवकों व कार्यस्थल पर कर्मचारियों से नरमी से पेश आएं। स्वास्थ्य की दृष्टि से देखा जाए तो रक्तचाप सम्बन्धी विकार उत्पन्न होने की संभावना बनती है।
उपाय:- हनुमान जी के मंदिर में मस्तक झुकाएं।
काली उड़द की दाल दान दें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News