Weekly numerology (3 August- 9 August): जन्मतिथि से जानें आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2020 - 08:15 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों को चाहिए कि पिता के साथ किसी भी प्रकार के मतभेद को नजरअंदाज करें। कार्यों में स्वयं की मेहनत से सफलता प्राप्त होगी। कोई वहम या शक दाम्पत्य जीवन में मनमुटाव उत्पन्न कर सकता है। सप्ताह के मध्य में कार्यों में रुकावट आ सकती है। दृढ़ इच्छाशक्ति से हर परिस्थिति का सामना किया जा सकता है। व्यवसाय के संबंध में यात्राएं सम्भव हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में मधुरता लाने की कोशिश करें।
उपाय- सरसों के तेल का दीपक पीपल पर जलाएं।
मंदिर में दही का दान दें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह के फल सामान्य रहेंगे। माता की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। आपका मन अध्यात्म या ज्योतिष की ओर आकर्षित हो सकता है। परेशानियों के चलते कोई गलत निर्णय न लें। इस सप्ताह धैर्य व संयम ही सफलता की कुंजी साबित होंगे। मां और पत्नी के बीच मनमुटाव सम्भव है। जल सम्बन्धी समस्या से सामना हो सकता है। शिक्षा से जुड़े जातकों को मन की एकाग्रता बनाए रखनी होगी।
उपाय- गायत्री मंत्र का जप करें। 
काले रंग का परहेज करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह धन व आर्थिक स्थिती के नजरिए से अच्छा रहेगा। मेहनत व परिश्रम से लक्ष्यों की प्राप्ति अवश्य होगी। आप एक अच्छे परामर्शदाता साबित होंगे। सप्ताह के मध्य में स्वास्थ्य का ध्यान रखें, कोई गले से सम्बंधित विकार उत्पन्न होने की संभावना बनती है। जल्दबाज़ी में कोई शॉर्टकट न अपनाएं। वित्तिय मामलों में सावधानी बरतें। सप्ताह के अंत में कारोबार की तरक्की के योग बनते हैं।
उपाय- पीपल के वृक्ष पर चौमुखी सरसों के तेल का दीपक जलाएं। 
गुरुजनों व बड़ों का आदर करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों को यह सप्ताह सावधानी व सतर्कता से बिताने की जरूरत है। कोर्ट कचहरी अथवा पुलिस विभाग के सम्पर्क में आने के योग बनते हैं। सप्ताह की शुरुआत में मन कुछ अशांत रहेगा। घर के बड़ों की सलाह से ही कोई निर्णय लें अन्यथा समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ससुराल पक्ष के साथ विवाद की स्थिति को नजरअंदाज करें। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ अनबन होने की संभवना है, वाणी में मधुरता लाएं।
उपाय- ससुराल से कोई विद्युत उपकरण उपहार स्वरूप न लें।
काले व नीले रंग का परहेज करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह शुरुआत में सामान्य फलप्रदायी रहेगा। स्वभाव की गम्भीरता को त्याग कर बुद्धि व वाक्पटुता की कला से कार्यों में सफलता प्राप्त करें। स्त्री सहकर्मी या मित्र से सहायता मिलेगी। सप्ताह के मध्य में खरीदारी व ख़र्चे अधिक होंगे। सुख-सुविधाओं पर व्यय बढ़ेगा। इन सब परिस्थितियों के चलते स्वभाव स्वार्थी व कंजूस हो सकता है।
उपाय- कन्या को भोजन करवाएं। 
श्री गणेश जी की स्तुति करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातक इस सप्ताह विलासिता व सुख-वैभव पर खर्च अधिक करेंगे। कोई प्रॉपर्टी खरीदने के योग भी बनते हैं। त्वचा विकार या मूत्र रोग उत्पन्न होने की संभावना बनती है। कोई प्रेम सम्बंध जीवन में दस्तक दे सकता है। सप्ताह के मध्य में समय परिवार के साथ बीतेगा। जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं। नकदी धन की कमी महसूस हो सकती है।
उपाय- मां लक्ष्मी की आराधना करें। 
गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि केतु देव करते हैं। इस सप्ताह मूलांक 7 वालों के लिए यात्राएं लाभप्रद रहेंगी। सप्ताह के शुरुआत में मन विचलित रहेगा। माता पिता की सेहत का ख्याल रखें। सफलता प्राप्ति के लिए मेहनत अधिक करनी होगी। मां-बेटी के सम्बंध अच्छे होंगे। जीवनसाथी के साथ किसी झगड़े को चुप रह कर बढ़ाने से अच्छा है कि आपस में बात करके सुलझा लिया जाए। कार्यक्षेत्र में किसी के बहकावे में आकर कोई गलत निर्णय न लें।
उपाय- परनिंदा से बचें।
काला सफेद कम्बल जरूरतमंद को दान दें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि शनि देव करते हैं। इस सप्ताह मूलांक 8 वाले जातकों को चाहिए कि किसी कार्य में जल्दबाजी न करें। सप्ताह की गति कुछ धीमी रहेगी परन्तु कार्य सफल होंगे। संघर्षों के साथ ही सही परन्तु लक्ष्य प्राप्ति अवश्य होगी। सप्ताह के मध्य का समय सावधानी से बिताएं। वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें। घर की साज-सजावट पर खर्च होगा। आपका ध्यान स्वयं पर केंद्रित रहेगा। आपका रुझान भौतिक सुखों की ओर बढ़ेगा।
उपाय- शनिदेव की प्रतिमा पर सरसों के तेल का दीपक जलाएं व जाने अनजाने हुई भूल के लिए क्षमायाचना करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधि मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों के लिए इस सप्ताह औसत परिणाम रहेंगे। साहसिक कार्यों में सफलता मिलेगी। तकनीकी कार्यों में रुझान बढ़ेगा। किसी महिला के कारण भाईयों के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दें। आर्थिक स्थिति में अस्थिरता आ सकती है। बल के साथ बुद्धि का सामंजस्य समस्याओं का हल बनेगा। जीवनसाथी को स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानी हो सकती है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।
उपाय- किसी मंगल कार्य में मीठे के साथ कुछ नमकीन भी बांटें। 
काले उड़द की दाल का दान करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.goas.org.in


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News