Ujjain Simhastha 2028 Preparations : उज्जैन बनेगा ग्लोबल डेस्टिनेशन ! सिंहस्थ 2028 के लिए घाटों का जाल तैयार, भीड़ प्रबंधन की बड़ी तैयारी
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 12:40 PM (IST)
Ujjain Simhastha 2028 Preparations : सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां अब तेज़ रफ्तार पकड़ चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासनिक अमला लगातार निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहा है। इसी क्रम में मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने साधु-संतों के साथ सिंहस्थ क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया
निरीक्षण की शुरुआत शनि मंदिर से की गई, जहां से अधिकारियों और संतों का दल विभिन्न निर्माण स्थलों तक पहुंचा। इस दौरान नए घाटों के निर्माण, बुनियादी सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी संतों को दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए हर स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान संत समाज ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, महिलाओं के लिए वस्त्र परिवर्तन कक्ष, स्वच्छ और पर्याप्त टॉयलेट व्यवस्था तथा घाटों की सीढ़ियों पर फिसलन रोकने के उपाय प्रमुख रहे। प्रशासन ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र अमल में लाने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ संत डॉ. रामेश्वर दास जी महाराज ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि घाटों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है और लगभग 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। करीब 29 किलोमीटर लंबे घाटों के निर्माण से श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव कम होगा और स्नान व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी। संतों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे एक ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कुल मिलाकर, संत समाज और प्रशासन के बेहतर समन्वय से सिंहस्थ महापर्व 2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
