महाकाल मंदिर में भस्म आरती के साथ दिवाली का शुभारंभ, बाबा को कराया गया अभ्यंग
punjabkesari.in Sunday, Nov 08, 2026 - 09:16 AM (IST)
उज्जैन (विशाल ठाकुर) : विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली का पर्व धार्मिक परंपराओं और विशेष पूजन-विधि के साथ शुरू हुआ। अल सुबह भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का अभ्यंग स्नान कराया गया। इस दौरान पुजारी परिवार की महिलाओं और बच्चों ने बाबा को उबटन लगाया, वहीं पुजारियों ने गर्म जल से भगवान का स्नान कराया। अभ्यंग स्नान के बाद भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। दीपावली के अवसर पर मंदिर में फूलझड़ी जलाकर उत्सव की शुरुआत की गई।

महाकाल मंदिर की परंपरा के अनुसार दीपावली पर होने वाली चारों आरतियों में फूलझड़ी जलाई जाती है। इसमें सुबह की भस्म आरती, अभ्यंग स्नान के बाद होने वाली आरती, संध्या आरती और शयन आरती शामिल हैं। प्रत्येक आरती में एक-एक फूलझड़ी जलाकर बाबा महाकाल के समक्ष दीपोत्सव मनाया जाएगा।

गौरतलब है कि महाकाल मंदिर में सभी प्रमुख त्योहार विशेष धार्मिक परंपराओं के साथ सबसे पहले मनाए जाने की मान्यता रही है। इसी परंपरा के तहत दीपावली पर भी बाबा महाकाल के अभ्यंग स्नान, पूजन और अन्नकूट भोग के साथ दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर में इस विशेष आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
