धनतेरस के साथ महाकाल मंदिर में दीपावली उत्सव का आगाज, चांदी के चंद्र-त्रिशूल और मुकुट से सजे बाबा महाकाल
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 04:15 PM (IST)
Ujjain Mahakal Silver Shringar Dhanteras ( विशाल ठाकुर): धनतेरस पर्व के साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली उत्सव की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का चांदी के चंद्र-त्रिशूल, मुकुट और रुद्राक्ष से आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह मंदिर के सभा मंडप में सबसे पहले वीरभद्रजी के कान में स्वस्ति वाचन किया गया। इसके बाद घंटी बजाकर भगवान की आज्ञा ली गई और चांदी के पट खोले गए।
गर्भगृह में पुजारियों ने भगवान का श्रृंगार उतारकर पंचामृत पूजन और कर्पूर आरती की। वहीं नंदी हॉल में नंदीजी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। परंपरा के अनुसार महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
