आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2023 - 08:28 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 8 दिसंबर में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 8 होता है, जिनके स्वामी शनि देव हैं। मूलांक 8 वाले जातक बहुत चुपचाप रहते हैं। ये सीधा सादा जीवन पसंद करते हैं। इन्हें दिखावा बिल्कुल पसंद नहीं आता। ये लोग मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य को हासिल करने में विश्वास रखते हैं। ईमानदारी का जीवन यापन करते हैं। धोखे और छलावे में बिल्कुल विश्वास नहीं रखते। ये लोग अपनी मेहनत की कमाई से ही जीवन यापन करना अच्छा समझते हैं। धोखाधड़ी, घूसखोरी, काला धन कमाना इन लोगों के मौलिक नियमों में नहीं आता। मूलांक 8 वाले व्यक्ति हर कार्य बहुत धीरे-धीरे करते हैं। इन लोगों को वाहन भी धीरे-धीरे चलाते हुए देखा जाता है। इन्हें अपने जीवन में लक्ष्य की प्राप्ति देर से ही सही परंतु होती जरूर है। इन्हें बहुत से संघर्षों का सामना करना पड़ता है। इनके अंतर्मुखी होने के कारण इनके दोस्त कम होते हैं। जीवन में बहुत बार एकाकीपन महसूस करते हैं, जिसके कारण मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मूलांक 8 वाले जातकों को लोहा इस्पात पेट्रोलियम खनिज आदि उद्योग के क्षेत्रों में सफल कार्य करते हुए पाया गया है। मूलांक 8 वाले जातक काफी संघर्षशील जीवन का सामना करते हैं परन्तु फिर भी कभी हार नहीं मानते।
आज जिन जातकों का जन्मदिन है यह वर्ष आपके लिए थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। इस साल बेकार की लड़ाई झगड़े से दूर रहें और अपने क्रोध पर काबू रखें। प्रतियोगिता में सफलता मिलने के योग बनते हैं परंतु अपने ही क्रोध के कारण परिस्थितियों को खराब कर लेंगे। दिसंबर के महीने का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा।
वर्ष 2024 के जनवरी के महीने में किसी नए काम की जिम्मेदारी के कारण व्यस्त रहेंगे। निजी जीवन पर कम ध्यान दे पाएंगे। फरवरी के महीने में मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। भावनाओं में आकर फैसला लेने की कोशिश करेंगे। मार्च के महीने का समय अपने कामकाज को आगे बढ़ाने के लिए अच्छा है। नौकरी में भी पदोन्नति के योग बनते हैं। अप्रैल के महीने में विदेशी आयाम को अपने काम में शामिल करने की कोशिश करेंगे। कार्यभार की अधिकता बनी रहेगी। कुछ रुके हुए कामों को गति मिलने की संभावना बनती है। मई के महीने में खर्च अधिक बने रहेंगे। जून के महीने में विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। जुलाई के महीने में जीवनसाथी के साथ चली आ रही मतभेद की स्थिति समाप्त हो सकती है। वाहन चलते समय गति सीमा का ध्यान रखें। अगस्त के महीने में प्रॉपर्टी संबंधी मामले सामने आ सकते हैं। सितंबर के महीने में छोटे बहन-भाइयों के साथ विवाद होने की संभावना बनती है। अक्टूबर के महीने में सरकारी काम पूरे होने की संभावना बनती है। नवंबर के महीने में सेहत का ख्याल रखें। मानसिक तौर पर असंतुलित महसूस करेंगे।
उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करें। छोटे बहन-भाइयों के साथ संबंधों को मधुर बना कर रखें। क्रोध पर काबू रखें। उचित व्यायाम करते रहें। शनि चालीसा का पाठ करें। शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं और जाने-अनजाने हुई अपनी गलतियों की क्षमा याचना करें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और उसकी सेवा करें। एक काला- सफेद कंबल मंदिर में दान करें। कोई खराब विद्युत उपकरण घर में न रखें। कोई जंग लगी हुई लोहे की वस्तु घर में न रखें। गाय को हरा चारा खिलाएं।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com