आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Thursday, Jan 28, 2021 - 12:03 AM (IST)
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं । 28 जनवरी में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 1 होता है, जिनके स्वामी सूर्य देव हैं। मूलांक 1 वाले जातक प्रभावशाली व्यक्तित्व के होते हैं। इन लोगों के रवैये में रौब के साथ-साथ समझ व सूझबूझ भी दिखाई देती है। मूलांक 1 वाले जातक स्वतंत्र व्यक्तित्व के धनी होते हैं। ये लोग भले ही अपने काम के लिए किसी की सलाह लें परंतु अंत में करते वही हैं जो इनका दिमाग व दिल कहता है। मूलांक 1 वाले जातक किसी से आर्डर लेकर काम नहीं कर सकते। ऐसे में इन्हें अपने स्वाभिमान पर आघात का एहसास होता है। मूलांक 1 वाले जातकों में एक अच्छी निर्णायक शक्ति होती है। जिसके कारण ये एक अच्छे नेता प्रबंधक आदि के रूप में कार्य करते हुए पाए जाते हैं तथा अकेले ही कोई फैसला लेने में सक्षम होते हैं। इन लोगों का अपने दोस्तों के समूह में भी काफी रौबदार रूप होता है। मुख्यतः फैसले इन्हीं के अनुसार लिए जाते हैं। मूलांक 1 वाले जातक अपने जीवन में मान-सम्मान प्राप्त करते हैं। इन लोगों की शिक्षा प्रायः अच्छी रहती है। यदि जन्मतिथि के अन्य अंक भी साथ दें तो मूलांक 1 वाले जातक अपने जीवन काल में सरकारी पदों पर नौकरी करते हैं अथवा सरकार से लाभ प्राप्त करते हैं।
आज जिन जातकों का जन्मदिन है, इस वर्ष आपके रुके हुए सरकारी काम बनेंगे। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में मधुरता आएगी। व्यापार संबंधी यात्रा के योग बनते हैं। जनवरी के महीने का शेष समय आप आलस्य में बिताएंगे। कार्यों में विलंब हो सकता है। फरवरी के महीने में आपको चाहिए कि अपने अधूरे कार्यों को पूरा करें। संतान के कारण आप चिंतित हो सकते हैं। मार्च के महीने में अभिमान वश कोई गलत कार्य न करें। कोई भी बड़ा फैसला घर के बड़ों की सलाह लेकर करें। अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है। अप्रैल के महीने में पैसा उधार देने से बचें। किसी धोखे का शिकार हो सकते हैं। मई के महीने का समय विद्यार्थियों के लिए उत्तम है। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। आप ज्योतिष विद्या अथवा गुप्त विद्याओं को सीखने के लिए आकर्षित हो सकते हैं। जून के महीने में कार्यभार बढ़ जाएगा। मेहनत के अनुरूप परिणाम मिलने में विलंब होगा। किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य से दूर रहें अन्यथा मानहानि का सामना करना पड़ सकता है। जुलाई के महीने में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। व्यापार में तरक्की होगी। आप संचार माध्यम के द्वारा लाभ प्राप्त करेंगे। अगस्त के महीने में कोई त्वचा विकार उत्पन्न हो सकता है। समय पर चिकित्सक से सलाह लें। सितंबर के महीने में किसी धार्मिक स्थल की यात्रा पर जा सकते हैं। आपके स्वभाव में गंभीरता अथवा आध्यात्मिकता की वृद्धि हो सकती है। मन थोड़ा परेशान रहेगा। अक्टूबर के महीने में प्रॉपर्टी खरीदने के योग बनते हैं। नवम्बर के महीने में किसी साहसिक कार्य में हिस्सा ले सकते हैं। अग्नि संबंधी कार्य करते हुए सावधानी बरतें दुर्घटना के योग बनते हैं। दिसंबर के महीने में कोई नया कार्य शुरू करने से बचें, हालांकि परिस्थितियां आपको प्रलोभन देंगी। वर्ष 2022 के जनवरी के महीने में कार्यों की गति धीमी प्रतीत होगी।
उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए काला-सफेद कंबल मंदिर में दान दें।
नीले अथवा काले रंग का परहेज करें।
कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।
पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।
रोज सुबह गुड़ का सेवन करें।
यथासंभव चांदी के पात्र में जल पिएं।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in