Sri Ram Pran Pratishtha : रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भाजपा प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने भी रखा 11 दिन का व्रत

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2024 - 10:08 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जालंधर (इंट): आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भाजपा के सिख नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने भी 11 दिन का व्रत रखा है। बता दें कि पी.एम. मोदी ने गत शुक्रवार से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरम्भ किया है। इसी क्रम में आर.पी. सिंह ने भी 11 दिन का व्रत रखने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि पी.एम. मोदी के श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा से 11 दिन पूर्व आरंभ इस पुण्य महायज्ञ के दौरान यह उपवास रख कर दैवीय चेतना जागृत करने का संकल्प ले रहा हूं। उन्होंने खुद को समस्त विश्व के सनातनी परिवार का एक गौरवान्वित सेवक बताया।

इससे पहले पी.एम. मोदी ने अपने संदेश में कहा था कि मेरा सौभाग्य है कि मैं भी अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पुण्य अवसर का साक्षी बनूंगा। प्रभु ने मुझे प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सभी भारत वासियों का प्रतिनिधित्व करने का निमित्त बनाया है। इसे ध्यान में रखते हुए मैं  11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ कर रहा हूं। मैं आप सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं।

देश की मस्जिदों में भी जलाए जाएंगे दीपक
भाजपा प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण को ठुकरा कर यह संदेश देना चाहती है कि वह इसके विरोध में है, लेकिन सभी धर्म के लोगों में इस समारोह को लेकर उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन अन्य धार्मिक स्थलों पर भी दीपक जलाए जाएंगे। सिंह ने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक देशभर की करीब 500 मस्जिदों और दिल्ली की 36 मस्जिदों में भी 22 जनवरी को दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News