श्री रामनवमी उत्सव कमेटी द्वारा भव्य शोभायात्रा आयोजित जालंधर ने धरा अवधपुरी का रूप

punjabkesari.in Monday, Apr 07, 2025 - 08:38 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जालंधर (पुनीत डोगरा): श्री रामनवमी उत्सव कमेटी की अध्यक्षता में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिससे महानगर जालंधर में अयोध्या नगरी की झलक देखने को मिली। हिन्द समाचार ग्राऊंड में शोभायात्रा संबंधी हुए आयोजन में मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के 9 मंत्रियों, राज्यसभा मैंबरों, विधानसभा अध्यक्ष, ‘आप’ के पंजाब अध्यक्ष, विभिन्न पार्टियों की सीनियर लीडरशिप सहित गण्यमान्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए पुण्य कमाया। श्री रामनवमी उत्सव कमेटी के प्रधान श्री विजय कुमार चोपड़ा की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन के दौरान दोपहर ठीक 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्म समय उत्पन्न हुए नक्षत्र, लगन और मुहूर्त के बीच प्रभु राम की जन्म स्तुति का पाठ किया गया।

जैसे ही पंडाल में ‘भये प्रकट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी’ का जाप शुरू हुआ तो पंडाल में उपस्थित समस्त नर-नारियों ने अपने स्थान पर खड़े होकर जय श्री राम का जयघोष किया। भक्तों की श्रद्धा से चारों ओर श्रीराम नाम की गूंज सुनाई दी।  श्री चैतन्य महाप्रभु, श्री राधा-माधव मंदिर के भक्तवृंदों ने संकीर्तन करते हुए राम नाम की अमृत धारा का प्रवाह किया। राम शरणम् के पूज्य कृष्ण जी महाराज के शिष्यों द्वारा अमृत वाणी का संकीर्तन किया गया, जिससे भक्तिरस की धारा बहती रही।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री व आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा, पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल (एन.आर.आई. मामलों,  प्रशासनिक सुधार मंत्री), कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल (जल संसाधन, खनन और जल संरक्षण मंत्री), कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क (खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री), कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां (राजस्व विभाग, पुनर्वास, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता), कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद (ग्रामीण विकास, उद्योग, वाणिज्य और पंचायत मंत्री), कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुंडियां (कृषि और पशुपालन विभाग), मोहिंदर भगत (रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी), कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. (बिजली विभाग), राज्यसभा मैंबर संत बलबीर सिंह सीचेवाल, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह, सांसद गुरजीत सिंह औजला, मेयर वनीत धीर, डी.सी. जालंधर हिमांशु अग्रवाल, सी.पी. जालंधर धनप्रीत कौर, निगम कमिश्नर गौतम जैन सहित गण्यमान्य उपस्थित रहे।

श्री विजय चोपड़ा के कर-कमलों से ज्योति प्रज्वलित करके शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। श्रीराम चौक से शुरू हुई शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों में बैठे श्री राम के स्वरूपों की महिमा देखते ही बन रही थी। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हिंद समाचार ग्राऊंड में पहुंची, जहां पर प्रभु श्री राम की भव्य आरती उतारी गई तथा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News