Shri Ram Janmbhoomi : राम मंदिर प्रशासन की तैयारी, उप-मंदिरों में दर्शन सुगम बनाने 50 नए पुजारियों की जाएगी भर्ती
punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 09:58 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shri Ram Janmbhoomi : भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी और पूजा व्यवस्थाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर में अतिरिक्त पुजारियों की भर्ती की योजना बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि चयनित पुजारी वैदिक परंपराओं में निपुण होंगे और उन्हें राम मंदिर की धार्मिक मर्यादाओं और परंपराओं के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
वर्तमान में मंदिर में 20 पुजारी कार्यरत हैं। ये पुजारी रामलला और राम दरबार के अलावा, शेषावतार और परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों, यज्ञमंडप, सप्त मंडपम और कुबेर टीला में स्थित कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना का काम संभालते हैं।
भव्य पूजा और नियमित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए तीन शिफ्टों और सुबह-शाम दोनों पालियों में कुल 42 पुजारियों की आवश्यकता है, जो आठ घंटे या उससे अधिक समय तक ड्यूटी कर सकें। इसके अलावा, सप्त मंडपम और कुबेर टीला में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक पूजा व्यवस्था के लिए आठ अतिरिक्त पुजारियों की जरूरत है। इस प्रकार, कुल मिलाकर राम मंदिर में कम से कम 50 पुजारियों की तत्काल आवश्यकता महसूस की जा रही है।
