राम मंदिर चढ़ावा चोरी : दान की गिनती का सिस्टम बदला, सी.ई.ओ. की नियुक्ति की तैयारी तेज
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 09:20 AM (IST)
अयोध्या (इंट.): राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस की रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि कथित चोरी की घटनाएं केवल शाम की शिफ्ट के दौरान अंजाम दी जाती थीं। इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चढ़ावे (दान) की गिनती की व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए एकल शिफ्ट प्रणाली लागू कर दी है। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर परिसर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने के लिए सी.ई.ओ. की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी है। रिमांड के दौरान अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।
पुलिस का दावा है कि अविनाश शुक्ला ने अकेले 50 से अधिक बार चढ़ावा चोरी किया, जबकि अनुकल्प मिश्रा हर बार उसकी मदद करता था। जांच में ऐसे 5 दिन भी सामने आए हैं, जब एक ही दिन में 3-3 बार चढ़ावा चोरी किए जाने की बात सामने आई। इन खुलासों के बाद ट्रस्ट ने तत्काल प्रभाव से चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था बदल दी है। अब 2 शिफ्टों की बजाय सुबह 9 से शाम 6 बजे तक एक ही शिफ्ट में दान की गिनती होगी। वहीं, मामले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव से दोबारा पूछताछ की तैयारी चल रही है। पुलिस ने दोनों की 7 दिन की कस्टडी के लिए अदालत में अर्जी दी है, जिस पर 14 जुलाई को सुनवाई होने की संभावना है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
