Shri Naina Devi Mandir : चैत्र नवरात्र मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, श्री नैना देवी मंदिर में रहेगा हाई अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 12:08 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shri Naina Devi Mandir : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध Shri Naina Devi Temple में 19 से 28 मार्च तक लगने वाले चैत्र नवरात्र मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने मेले के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कुछ गतिविधियों पर रोक लगाने का फैसला किया है।
जिला दंडाधिकारी Rahul Kumar ने कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए यह आदेश जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि नवरात्र के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, इसलिए भीड़ को नियंत्रित करना और व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है।
जारी निर्देशों के मुताबिक मेला अवधि में मंदिर परिसर में किसी भी तरह के लाउडस्पीकर, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे या अन्य ध्वनि उपकरणों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। अगर मेले के दौरान किसी प्रकार की घोषणा करनी होगी तो वह केवल मेला कंट्रोल रूम के माध्यम से ही की जाएगी। निजी स्तर पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके साथ ही प्रशासन ने मंदिर परिसर में प्रसाद ले जाने और उसका उपयोग करने पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और भीड़ के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
एक अन्य आदेश में जिला प्रशासन ने 19 से 28 मार्च 2026 तक Kot Kehloor पुलिस थाना क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान आग्नेयास्त्र, गोला-बारूद, दूर तक मार करने वाले हथियार या किसी भी प्रकार के तेजधार हथियार साथ रखने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि यह प्रतिबंध पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों पर लागू नहीं होगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले के दौरान जारी नियमों का पालन करें, ताकि नवरात्र उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
