Shri Mata Chintpurni Mandir : मां चिंतपूर्णी धाम में होगा बड़ा बदलाव, आधुनिक सुविधाओं के लिए जारी हुआ 39.74 करोड़ का टेंडर

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 09:27 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Shri Mata Chintpurni Mandir :  हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माता चिंतपूर्णी मंदिर के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से करीब 39 करोड़ 74 लाख रुपये की परियोजना के लिए टेंडर जारी किया गया है।

यह विकास कार्य केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत किया जाएगा। इस योजना के जरिए मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले भक्तों को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 39.74 करोड़ रुपये तय की गई है। इसके लिए टेंडर फीस 40 हजार रुपये रखी गई है, जबकि ईएमडी करीब 49.74 लाख रुपये निर्धारित की गई है। टेंडर प्रक्रिया 10 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक एजेंसियां 23 मार्च 2026 तक अपनी बोली जमा कर सकेंगी। इसी दिन टेंडर खोले भी जाएंगे।

यह टेंडर हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के भरवाईं डिवीजन द्वारा जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इस परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए करीब 545 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है।

उम्मीद की जा रही है कि परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से नवरात्रि और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यह विकास कार्य काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News