बाबा का भोग और भक्तों का उत्साह, पंचकोशी यात्रियों के नगर प्रवेश से महकी धर्मनगरी उज्जैन
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 04:07 PM (IST)
Shri Mahakaleshwar Temple news : धर्मनगरी उज्जैन में चल रही पंचकोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 11 अप्रैल से शुरू हुई इस पावन यात्रा के यात्रियों का बुधवार से नगर प्रवेश आरंभ हो गया है। पांच दिनों की इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालु उण्डासा, पिंगलेश्वर, नलवा, करोहन, अंबोदिया और कालियादेह जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरते हुए अब पुनः उज्जैन लौट रहे हैं।
इस दौरान महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा कार्य किए जा रहे हैं। महाकाल मंदिर की उप प्रशासक सिमी यादव ने बताया कि हर पड़ाव पर निःशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें प्रतिदिन 5000 से अधिक यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। खास बात यह रही कि भोजन पहले बाबा महाकाल को भोग लगाने के बाद ही श्रद्धालुओं में वितरित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह दोगुना हो गया।
यात्रियों ने इस व्यवस्था को अपना सौभाग्य बताया और कहा कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन महाकाल का भोग प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत पुण्य का अवसर है। अनुमान है कि इस पांच दिवसीय यात्रा में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। गुरुवार तक यात्रियों के नगर प्रवेश का सिलसिला जारी रहेगा। उज्जैन पहुंचने के बाद श्रद्धालु पवित्र शिप्रा नदी में स्नान कर अष्ट तीर्थ यात्रा करेंगे और नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। कुल मिलाकर, पंचकोशी यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक बनी हुई है, बल्कि महाकाल मंदिर समिति की सेवा भावना ने इसे और भी विशेष बना दिया है, जिससे श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
