Shri Krishna Janmasthan Mathura: मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान पर दान गिनती में दुकानदार भी करेंगे निगरानी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 10:59 AM (IST)
मथुरा (एजैंसी): श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने दान राशि की गिनती प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। अब मंदिर के दान पात्रों को खोलने और उनमें जमा राशि की गिनती के दौरान परिसर में दुकान चलाने वाले दुकानदारों को भी पर्यवेक्षक के तौर पर निगरानी करने के लिए शामिल किया जाएगा। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि गिनती प्रक्रिया में स्वतंत्र पर्यवेक्षक शामिल करने की योजना है और मंदिर परिसर के दुकानदारों से बेहतर विकल्प नहीं हो सकता। मंदिर परिसर में करीब 30 दुकानें हैं और सभी दुकानदारों का पुलिस सत्यापन कराया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि दान राशि की गिनती मंदिर के उच्च सुरक्षा वाले ‘रेड जोन’ क्षेत्र में होती है। नई व्यवस्था के तहत महीने में एक बार होने वाली गिनती के दौरान एक या दो दुकानदार मौजूद रहेंगे। कपिल शर्मा ने कहा कि संस्थान दान गिनती प्रक्रिया की सी.सी.टी.वी. रिकॉर्डिंग 6 महीने तक सुरक्षित रखेगा। साथ ही निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक फीचर वाले नए कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
