राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले योगी- 500 साल इंतजार किया, 15 दिन और कर लें
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 11:59 AM (IST)
लखनऊ/अयोध्या (नासिर): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए गठित एस.आई.टी.निष्पक्ष जांच करेगी और दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और राम मंदिर को लेकर कुछ लोग अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के संबंध में मीडिया में प्रकाशित खबरों की जानकारी मिलने के बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने एस.आई.टी. जांच बैठाई है। यह जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा का पालन करना सिखाया है और सभी को उसी मर्यादा का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने प्रभु राम की जन्मभूमि के लिए 500 साल तक संघर्ष किया। जब इतना लंबा इंतजार किया है तो 15 दिन और कर लें, चिंता की कोई बात नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास मामले से संबंधित कोई दस्तावेजी साक्ष्य है तो वह उसे एस.आई.टी. को उपलब्ध कराए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
