तीर्थ यात्रा बस हादसे के लिए बस मालिकों व जिम्मेदार अधिकारियों पर हो कार्रवाई : ढिल्लों

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 08:03 AM (IST)

चंडीगढ़ (हरिश्चंद्र): भाजपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अमृतसर के नौशहरा पन्नूआं में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की 2 बसों के बीच हुए हादसे में 5 लोगों की मौत और अन्य के घायल होने पर कहा कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि सरकारी लापरवाही का नतीजा है। इस संबंध में बस मालिकों के साथ-साथ जिम्मेदार सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। 

ढिल्लों ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अक्तूबर 2026 में तीर्थ यात्रा बसों की सुरक्षा को लेकर नोटिस जारी किया था। आयोग के संज्ञान में आया था कि कुछ बसों का पंजीकरण समाप्त हो चुका था और उनके पास फिटनैस, बीमा तथा प्रदूषण प्रमाण पत्र तक नहीं थे। इसके बावजूद बसें सड़कों पर चलती रहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जनवरी 2026 में आयोग को बताया था कि इनमें से कोई भी बस पंजाब में पंजीकृत नहीं है। 

आयोग ने बसों में अनधिकृत बदलाव, चालक और यात्रियों के बीच पार्टीशन, आपातकालीन निकास की कमी तथा आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने जैसे गंभीर मुद्दे भी उठाए थे। दूसरे राज्यों में इन बसों को जब्त करने और चालान काटने के बावजूद पंजाब सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उधर, राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों आज पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के आवास पर पहुंचे। केवल ढिल्लों ने कहा कि उनके दर्शन कर और आशीर्वाद प्राप्त कर वह स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News