Muni Shri Tarun Sagar: इंसान सच्चाई के रास्ते पर चले तो ‘God बन जाता है और बुराई के रास्ते पर चले तो Dog

punjabkesari.in Wednesday, Jan 14, 2026 - 03:40 PM (IST)

हिन्दुस्तानी प्रतिभा 
दो बच्चे! एक अमरीकन और दूसरा हिन्दुस्तानी। अपने-अपने देश के बारे में बात कर रहे थे। अमरीकन बच्चा बोला, ‘‘हमारे देश ने इतनी तरक्की कर ली है कि अब हमारे यहां शादी भी ई-मेल से होती है।’’

हिन्दुस्तानी बच्चे ने उत्तर दिया, ‘‘होती होगी तुम्हारे यहां ई-मेल से शादी। हमारे यहां तो शादी आज भी फीमेल से ही होती है।’’ 

सच है, हिन्दुस्तानी प्रतिभा का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं। आखिर यह भूमि तीर्थंकरों और अवतारों की है।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar

हवा धर्मनिरपेक्ष है 
जिंदा रहने के लिए हवा सबसे बढ़िया दवा है। आदमी को आठ दिन भोजन न मिले तो जिंदा रह सकता है और चार दिन पानी न मिले तो जिंदा रह सकता है लेकिन दो मिनट हवा न मिले तो जिंदा नहीं रह सकता। 

हवा धर्मनिरपेक्ष है। हिन्दू हो या मुसलमान, जैन हो या बौद्ध, हवा सबको स्वीकार है। हवा भेदभाव भी नहीं करती। गरीब के पास कोई नहीं जाता, परन्तु  हवा जाती है। यह कुदरत की ओर से मनुष्य के लिए 24 घंटों की मुफ्त सेवा है। मनुष्य को अगर हवा न मिले तो मनुष्य की हवा निकलने में देर न लगेगी।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar

मनुष्य अद्भुत है
मनुष्य एक संभावना है। वह नीचे  गिरकर पशु भी बन सकता है और ऊपर उठकर देव भी। देव हमेशा देव ही रहता है और पशु हमेशा पशु। पर इंसान सच्चाई के रास्ते पर चले तो ‘गॉड’ बन जाता है और बुराई के रास्ते पर चले तो ‘डॉग’। 

मनुष्य अद्भुत है। वह नर से नारायण और नर से नारकी बन सकता है। अच्छी करनी करे तो राम की तरह पूजा जाता है और बुरी करे तो रावण की तरह फूंका।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar

बुढ़ापे में सुख 
बुजुर्गों से : अगर आप चाहते हैं कि आपका बुढ़ापा सुख से कट जाए तो मेरी चार बातें याद रखें। पहली 60 साल के हो जाओ तो सत्ता का सुख छोड़ दो, पारिवारिक सिर पच्चियों से मुख मोड़ लो। दूसरी, कम बोलें, काम का बोलें, मुख खोलें तो केवल प्रशंसात्मक शब्द बोले। तीसरी, अनावश्यक टोकाटाकी न करें। इससे आपकी उपेक्षा बढ़ेगी और अपेक्षा घटेगी। चौथी, चूंकि आप दादा तो बन ही गए हैं, अत: दादागिरी करना छोड़ दें।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News