World Record Plantation : वाराणसी में एक घंटे में 2.51 लाख से अधिक पौधारोपण, बना विश्व कीर्तिमान
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 08:38 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
वाराणसी (प.स.): उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सुजाबाद डोमरी क्षेत्र में आयोजित ‘वृहद पौधारोपण कार्यक्रम’ में रविवार को मात्र एक घंटे में 2,51,446 पौधे रोपकर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस उपलब्धि के साथ वर्ष 2018 में चीन द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक मंडल के सदस्य ऋषि नाथ ने महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को प्रमाणपत्र सौंपा। ड्रोन कैमरों और डिजिटल गणना प्रणाली से सत्यापन के बाद रिकॉर्ड की आधिकारिक घोषणा की गई।
नगर निगम और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से 350 बीघा क्षेत्र में विकसित शहरी वन को 60 सैक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सैक्टर का नाम काशी के प्रमुख घाटों दशाश्वमेध, मणिकर्णिका, केदार, ललिता, मान मंदिर और शीतला घाट पर रखा गया है। यहां शीशम, अर्जुन, सागौन, बांस सहित 27 देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, साथ ही फलदार और औषधीय पौधों को भी प्राथमिकता दी गई है।
कार्यक्रम में भारतीय सेना, एन.डी.आर.एफ., सी.आर.पी.एफ., सिविल डिफेंस और पी.ए.सी. के जवानों ने भी भागीदारी की। पौधों के संरक्षण के लिए 10,827 मीटर पाइपलाइन, 10 बोरवेल और 360 रेन गन सिस्टम की व्यवस्था की गई है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी ने पर्यावरण संरक्षण में नई मिसाल कायम की है।
