कई साल बाद बुध ग्रह पर पहुंचा पहला अंतरिक्ष यान
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 10:53 AM (IST)
केप केनवरल (एजैंसी): आंतरिक सौर मंडल में 8 साल की लंबी यात्रा के बाद 2 अंतरिक्ष यान सूर्य के सबसे करीब स्थित बुध ग्रह की कक्षा में पहुंच गए हैं और अब ये दोनों यान अलग-अलग कक्षाओं से इस सबसे छोटे ग्रह के उन रहस्यों से पर्दा उठाएंगे जिनकी गुत्थी वैज्ञानिक अब तक नहीं सुलझा सके हैं।
यूरोपीय और जापानी अंतरिक्ष एजैंसियों के ये दो रोबोटिक खोजी यान अगले महीने एक-दूसरे से अलग हो जाएंगे। इसके बाद वे अलग-अलग ऊंचाइयों से इस तपते हुए छोटे ग्रह का मानचित्र तैयार करेंगे और उसका अध्ययन करेंगे। दो अरब डॉलर की इस संयुक्त अंतरिक्ष यात्रा को ‘बेपीकोलंबो’ नाम दिया गया है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजैंसी ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से ‘बेपीकोलंबो’ के बुध ग्रह पर पहुंचने की घोषणा की। प्रणोदक को कई बार चालू करके अंतरिक्ष यान की गति इतनी कम की गई कि ग्रह के कमजोर गुरुत्वाकर्षण ने उसे अपनी कक्षा में खींच लिया। हालांकि, जर्मनी में बैठे उड़ान नियंत्रकों को यह पुष्टि करने में कई घंटे लग गए कि बेपीकोलंबो बुध की कक्षा में पहुंच चुका है।
वे ग्रह से 9.4 करोड़ मील दूर थे। बेपीकोलंबो बुध ग्रह पर पहुंचने वाले तीसरे अंतरिक्ष यान हैं। बुध सूर्य के सबसे नजदीक स्थित ग्रह है और आकार में हमारे चंद्रमा से थोड़ा ही बड़ा है। एक दशक से अधिक समय बाद यह पहला अंतरिक्ष मिशन है जो बुध तक पहुंचा है। अमरीकी अंतरिक्ष एजैंसी नासा का ‘मैरिनर-10’ अंतरिक्ष यान 1970 के दशक के मध्य में 3 बार बुध ग्रह के पास से गुजरा था। नासा का मैसेंजर अंतरिक्ष यान 2011 में बुध की कक्षा में पहुंचा था। ईंधन खत्म होने के बाद 2015 में वह ग्रह से टकराकर नष्ट हो गया।
वर्ष 2018 में प्रक्षेपित बेपीकोलंबो ने बुध तक पहुंचने के लिए धीमा और घुमावदार रास्ता अपनाया। इस दौरान वह एक बार पृथ्वी, दो बार शुक्र और छह बार बुध ग्रह के पास से गुजरा। इन ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण का इस्तेमाल करके उसकी दिशा और गति बदली गई।
