Mata Vaishno Devi news : पहले 3 नवरात्रों के दौरान 1,06,742 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में किया नमन

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 08:45 AM (IST)

कटड़ा (अमित): चैत्र नवरात्रों के तीसरे दिन (शनिवार को) मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। इसी के चलते शनिवार की शाम 4.30 बजे एहतियातन यात्रा पंजीकरण कक्ष बंद कर दिया गया। श्रद्धालुओं को हिदायतें दी गईं कि रविवार की सुबह यात्रा पंजीकरण कक्ष खुलने तक उन्हें कटड़ा में रुक कर ही इंतजार करना होगा। आंकड़े बताते हैं कि 3 नवरात्रों के दौरान अब तक 1,06,742 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया है।

शनिवार को मौसम में भी सुधार देखने को मिला जिसके चलते श्रद्धालुओं ने कटड़ा से सांझीछत के बीच चलने वाली हैलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाया। वहीं भक्त वैष्णो देवी से भैरव घाटी के बीच चलने वाली रोपवे सेवा का भी लाभ उठाते नजर आए। पंजीकरण कक्ष से मिले आंकड़ों के अनुसार पहले नवरात्रे पर 31,690 जबकि दूसरे नवरात्रे पर 34,452 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं शनिवार को तीसरे नवरात्रे पर 4.30 बजे तक 40,600 श्रद्धालुओं ने कटड़ा स्थित यात्रा पंजीकरण कक्ष पर आर.एफ.आई.डी. कार्ड हासिल कर वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर लिया था।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा  होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैष्णो देवी भवन पर जारी है शत चंडी महायज्ञ: वैष्णो देवी भवन पर नवरात्रों के पावन अवसर पर शत चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में बोर्ड अधिकारी व श्रद्धालु भी भाग ले रहे हैं। इस महायज्ञ में एस.डी.एम. भवन अंशुमली ने विशेष जजमान के रूप में उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News