Mata Vaishno Devi News : माता वैष्णो देवी भक्तों के लिए सौगात, भवन पर जल्द मिलेगी न्यू वैष्णवी भवन की सुविधा
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 08:32 AM (IST)
Mata Vaishno Devi News : श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, मुख्य भवन परिसर में न्यू वैष्णवी नामक एक आधुनिक इमारत का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भवन पर रुकने वाले यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित आवास प्रदान करना है।
क्या हैं इस नई इमारत की खासियतें ?
न्यू वैष्णवी इमारत की सबसे बड़ी विशेषता इसकी क्षमता है। एक बार पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद, इसमें एक साथ 600 से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। यह केवल एक रैन बसेरा नहीं, बल्कि एक आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन होगा। इसमें भक्तों के लिए डॉरमेट्री, विश्राम कक्ष और सामान रखने के लिए पर्याप्त लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अक्सर त्यौहारों और छुट्टियों के दौरान भवन पर भक्तों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। यह नया भवन भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ठहराने में मील का पत्थर साबित होगा। कटरा और भवन के बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए, इस इमारत का निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि यह कड़ाके की ठंड में भी भक्तों को राहत दे सके।
श्रद्धालुओं को कैसे होगा लाभ ?
वर्तमान में, भवन पर ठहरने के लिए सीमित विकल्प होने के कारण कई बार भक्तों को रात में परेशानियों का सामना करना पड़ता है या उन्हें वापस नीचे आना पड़ता है। 'न्यू वैष्णवी' के बन जाने से विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग के माध्यम से अधिक लोग भवन पर सुरक्षित रात्रि विश्राम कर सकेंगे। दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे भक्तों को एक स्वच्छ और सुरक्षित स्थान मिलेगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
