Mata Chintpurni Temple News : माता चिंतपूर्णी के दरबार में उमड़ी श्रद्धा, भक्त ने मां के चरणों में अर्पित किया 11 तोले सोने का छत्र
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 12:11 PM (IST)
Mata Chintpurni Temple News : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी में भक्तों की अगाध श्रद्धा का एक अद्भुत उदाहरण सामने आया है। यहां एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर माता के दरबार में 11 तोले सोने का भव्य छत्र अर्पित किया है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालु ने सबसे पहले परिवार सहित माता के पावन पिंडी स्वरूप के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर के पुजारियों की उपस्थिति में मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस स्वर्ण छत्र को माता के चरणों में समर्पित किया गया। श्रद्धालु ने अपनी पहचान को गुप्त रखने की इच्छा जताई है।
लाखों की है कीमत
वर्तमान में सोने की कीमतों को देखते हुए इस 11 तोले के छत्र का मूल्य काफी अधिक बताया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट ने इस दान को विधिवत रूप से स्वीकार कर रसीद जारी की और श्रद्धालु को माता का सिरोपा व प्रसाद भेंट किया।
श्रद्धा का केंद्र है चिंतपूर्णी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त सच्चे मन से माता चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाता है, मां उसकी सभी चिंताओं को दूर कर देती हैं। यही कारण है कि देश-विदेश से श्रद्धालु यहां आकर अपनी सामर्थ्य अनुसार सोना, चांदी और नकदी दान करते हैं। मंदिर अधिकारियों का कहना है कि भक्तों द्वारा चढ़ाया गया यह दान मंदिर के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च किया जाता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
