Mahalakshmi Vrat 2026 : महालक्ष्मी व्रत के पहले दिन करें ये खास काम, मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न और घर में बनी रहेगी सुख-समृद्धि
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 09:07 AM (IST)
Mahalakshmi Vrat 2026 : सनातन धर्म में महालक्ष्मी के व्रत का बहुत खास महत्व है। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि से धन, ऐश्वर्य और वैभव की देवी माता लक्ष्मी का अति प्रिय महालक्ष्मी व्रत शुरु होता है। इस साल यह पावन पर्व 19 सितंबर यानी आज से शुरू हो रही है। माना जाता है कि इस व्रत के पहले दिन किए गए विशेष धार्मिक नियम और उपाय साधक के घर समृद्धि लाते हैं और दरिद्रता का नाश करते हैं। यदि आप भी अपने जीवन से आर्थिक बाधाओं को दूर कर सुख-शांति का विस्तार चाहते हैं, तो जानते हैं महालक्ष्मी व्रत के पहले दिन कौन से खास काम करने चाहिए।
मुख्य द्वार की स्वच्छता और तोरण निर्माण
पहले दिन प्रातःकाल स्नान के बाद घर के मुख्य द्वार को अच्छी तरह धोएं या पानी का छिड़काव करें। द्वार पर ताजे आम या अशोक के पत्तों का तोरण लगाएं। ऐसा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
15 गांठों वाला पवित्र रक्षासूत्र बांधें
कच्चे सूती धागे को हल्दी या केसर के घोल में भिगोकर पीला कर लें। इस साल व्रत की कुल अवधि 15 दिनों की है, इसलिए इस धागे में 15 गांठें लगाएं। पूजन के दौरान इस डोरे को देवी के चरणों में अर्पित करें और आरती के बाद पुरुष इसे दाहिने हाथ तथा महिलाएं बाएं हाथ की कलाई पर बांधें।

खीर या 15 मिष्ठान का भोग
देवी लक्ष्मी को दूध और चावल से बने व्यंजन अत्यंत प्रिय हैं। पहले दिन के पूजन में गाय के दूध से बनी चावल की खीर का नैवेद्य लगाएं। इसके अतिरिक्त 15 मीठी पूड़ियों का भोग लगाकर उसे प्रसाद स्वरूप परिवार के सदस्यों में बांटें।
श्रीसूक्त अथवा कनकधारा स्तोत्र का पाठ
मंत्रों और स्तोत्रों का पाठ घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। पूजन संपन्न होने के बाद एकाग्रचित्त होकर कनकधारा स्तोत्र या श्रीसूक्त का पाठ करें। यदि पाठ संभव न हो तो "ॐ श्रीं ह्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः" मंत्र की एक माला जाप करें।

