Hartalika Teej 2026 Upay : हरतालिका तीज पर करें ये खास उपाय, दांपत्य जीवन में बढ़ेगा प्रेम और सुख

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 08:00 AM (IST)

Hartalika Teej 2026 : जैसा कि हम आपको पिछली वीडियो में बता चुके हैं कि इस साल 2026 में हरतालिका तीज का व्रत 14 सितंबर दिन सोमवार को रखा जाएगा। बता दें कि हरतालिका तीज का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करके सुखी दांपत्य जीवन, अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि माता पार्वती ने भी भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था, इसलिए हरतालिका तीज पर शिव-पार्वती की आराधना का विशेष महत्व बताया गया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस दिन पूजा के साथ किया गया एक खास उपाय आपकी मनोकामना पूर्ति और सौभाग्य के लिए बेहद शुभ माना जाता है? कहा जाता है कि श्रद्धा और सही विधि से किए गए इस उपाय से जीवन की बाधाएं दूर होने और भाग्य के नए द्वार खुल सकते हैं।  तो आइए जानते हैं हरतालिका तीज के दिन किए जाने वाले उपायों के बारे में-

हर स्त्री चाहती है कि उसका वैवाहिक जीवन सुखी और खुशहाल रहे। ऐसे में इस दिन सुबह उठकर महिलाएं सबसे पहले स्नान करें और फिर घर के मंदिर को अच्छी तरह सफाई करके वहां भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित करें और फिर दोनों का पूरे विधि विधान और श्रद्धापूर्वक पूजन करें। पूजा के समय तुलसी की मंजरी शिव-पार्वती के चरणों में अर्पित कर वैवाहिक जीवन में प्रेम, सौहार्द और सुख-शांति की प्रार्थना करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, हरतालिका तीज पर श्रद्धा से किया गया यह उपाय दांपत्य जीवन की परेशानियों को दूर करने और पति-पत्नी के रिश्ते में मधुरता बनाए रखने के लिए शुभ माना जाता है। इससे वैवाहिक जीवन में आपसी प्रेम और विश्वास बढ़ने की कामना की जाती है। 

यदि आपको लगता है कि आपके दांपत्य जीवन पर किसी की बुरी नजर का प्रभाव पड़ रहा है और इसी वजह से घर का माहौल अशांत रहने लगा है, तो एक पारंपरिक उपाय किया जा सकता है। इसके लिए गाय के गोबर से बने उपले पर थोड़ी-सी गुग्गुल रखकर उसे प्रज्वलित करें। इसके बाद ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करते हुए उसके धुएं को घर के अलग-अलग हिस्सों में दिखाएं। मान्यता है कि इससे घर का वातावरण शुद्ध और सकारात्मक बनाए रखने में सहायता मिलती है।

यदि पति-पत्नी के बीच लगातार मतभेद, तनाव या छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बना रहता है, तो हरतालिका तीज पर शिव मंदिर जाकर भगवान शिव को श्रद्धापूर्वक फूल, बेलपत्र और अबीर अर्पित करें। माता पार्वती को सिंदूर चढ़ाएं और संभव हो तो इसे चांदी के पात्र में रखकर अर्पित करें। इसके बाद शिव-पार्वती के सामने हाथ जोड़कर अपने दांपत्य जीवन में प्रेम, सुख और सामंजस्य बनाए रखने की प्रार्थना करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, पूजा में अर्पित किए गए सिंदूर को प्रसाद स्वरूप रोज अपनी मांग में लगाने से वैवाहिक जीवन में शुभता बनाए रखने की कामना की जाती है।

यदि आपके विवाह में लगातार परेशानियां आ रही है तो ऐसे में इस दिन माता पार्वती को 16 शृंगार का सामान अर्पित करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हरतालिका तीज के व्रत में 16 शृंगार का बहुत महत्व माना जाता है। ऐसे में कहा जाता है कि इस दिन माता पार्वती को 16 शृंगार जैसे की सिंदूर, बिंदी, मेंहदी आदि अर्पित करने से आशीर्वाद की प्राप्ति होती है साथ ही वैवाहिक जीवन में आ रही परेशानियों से राहत मिलती है।

अगर आप आर्थिक परेशानियों से छुटकारा पाकर धन-समृद्धि की कामना करते हैं, तो हरतालिका तीज के अवसर पर माता लक्ष्मी को 16 श्रृंगार की सामग्री अर्पित करें और उन्हें मिठाई का भोग लगाएं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धापूर्वक किए गए इस उपाय से घर में सुख-समृद्धि बनी रहने और आर्थिक उन्नति के नए अवसर प्राप्त होने की कामना की जाती है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News