Magh Month 2026 Significance: माघ मास में क्या खरीदना है शुभ? जानिए सौभाग्य बढ़ाने वाली वस्तुएं
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 07:35 AM (IST)
Magh Month 2026 date: हिंदू पंचांग और शास्त्रों के अनुसार माघ मास को वर्ष के सबसे पुण्यकारी महीनों में गिना गया है। वर्ष 2026 में माघ मास 3 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक रहेगा। यह माह स्नान, दान, जप, तप और पूजा-पाठ के लिए अत्यंत श्रेष्ठ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि माघ में किए गए पुण्य कर्मों का फल कई गुना बढ़कर मिलता है। इस कारण गंगा स्नान, तीर्थ स्नान और दान का विशेष महत्व बताया गया है।

माघ मास क्यों कहलाता है माधव मास?
माघ मास भगवान विष्णु (नारायण) को अत्यंत प्रिय है, इसलिए इसे माधव मास भी कहा जाता है। इस माह में विष्णु पूजन करने से धन-धान्य, सुख-शांति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। साथ ही माघ में सूर्य देव की उपासना का भी विधान है। सूर्य पूजन से व्यक्ति को निरोगी काया, रोगों से मुक्ति और समाज में मान-सम्मान की प्राप्ति होती है।

माघ माह में घर लाएं ये शुभ चीजें

तिल
माघ मास में तिल का सेवन और दान अत्यंत फलदायी माना गया है। माघ में आने वाले व्रत-त्योहारों में तिल का विशेष उपयोग होता है। माघ में तिल घर लाकर पूजा-पाठ में प्रयोग करने से घर में सुख-समृद्धि, धन और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।

श्री यंत्र
माघ माह में श्री यंत्र घर लाना बहुत शुभ माना गया है। यह यंत्र माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु का प्रतीक है। माघ में विधि-विधान से श्री यंत्र की स्थापना और पूजा करने से आर्थिक समस्याएं दूर होती हैं और घर में कभी धन की कमी नहीं रहती।

गर्म कपड़े और कंबल
माघ माह में कंबल और गर्म कपड़ों का दान अक्षय पुण्य प्रदान करता है। इस माह ठंड अधिक होती है, ऐसे में जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र दान करने से पुण्य, सुख और ईश्वरीय कृपा प्राप्त होती है।
सरसों का तेल
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ मास में सरसों का तेल घर लाना भी शुभ होता है। विशेषकर शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों या तिल के तेल का दीपक जलाने से शनि दोष और बाधाओं से मुक्ति मिलती है।
माघ मास केवल पूजा-पाठ का ही नहीं, बल्कि दान, सेवा और सकारात्मक कर्मों का भी महीना है। इस माह शुभ वस्तुएं घर लाकर और सही कर्म करके आप भाग्य, समृद्धि और सुख-शांति को अपने जीवन में आमंत्रित कर सकते हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Content Writer
Niyati Bhandari