Hindu Nav Varsh 2026 : हिंदू नववर्ष पर चमकेगी आपकी किस्मत ! घर ले आएं ये 5 शुभ चीजें, साल भर मां लक्ष्मी बरसाएंगी कृपा
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 03:35 PM (IST)
Hindu Nav Varsh 2026 : चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा के साथ ही न केवल प्रकृति अंगड़ाई लेती है, बल्कि हमारा हिंदू नववर्ष भी हर्षोल्लास के साथ दस्तक देता है। सनातन परंपरा में यह केवल कैलेंडर बदलने का दिन नहीं है, बल्कि यह समय है अपनी सोई हुई किस्मत को जगाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार का। मान्यता है कि नए साल की पहली किरण के साथ यदि हम अपने घर में कुछ ऐसी पवित्र चीजें लेकर आएं जो मां लक्ष्मी को प्रिय हैं, तो पूरे 12 महीने घर में बरकत और खुशहाली का वास रहता है। ग्रहों की चाल और शास्त्रों के विधान के अनुसार, इस बार का नववर्ष कुछ विशेष संयोग लेकर आ रहा है। तो आइए जानते हैं, वे कौन सी 5 चमत्कारी वस्तुएं हैं जिन्हें घर लाकर आप अपनी दरिद्रता को दूर कर सकते हैं और आने वाले साल को सौभाग्यशाली बना सकते हैं।

धातु का कछुआ
हिंदू धर्म में कछुआ भगवान विष्णु के कूर्म अवतार का प्रतीक माना जाता है। नए साल पर पीतल, चांदी या तांबे का कछुआ घर लाना अत्यंत शुभ होता है। इसे घर की उत्तर दिशा में रखने से वास्तु दोष दूर होते हैं और व्यापार व नौकरी में उन्नति के मार्ग खुलते हैं।
तुलसी का पौधा
तुलसी को साक्षात लक्ष्मी का रूप माना गया है। यदि आपके घर में तुलसी का पौधा नहीं है या पुराना पौधा सूख गया है, तो हिंदू नववर्ष के पहले दिन नया पौधा जरूर लगाएं। सुबह-शाम तुलसी के पास दीपक जलाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है और साल भर मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

लघु नारियल
तिजोरी को हमेशा भरा रखने के लिए 'लघु नारियल' एक चमत्कारी वस्तु मानी जाती है। नववर्ष के दिन एक लघु नारियल को लाल कपड़े में लपेटकर अपनी तिजोरी या धन स्थान पर रखें। मान्यता है कि इससे धन की आवक बढ़ती है और बेवजह के खर्चों पर लगाम लगती है।
मोरपंख
भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय मोरपंख न केवल सुंदरता का प्रतीक है, बल्कि यह सौभाग्य भी लाता है। नए साल के पहले दिन 1 या 3 मोरपंख खरीदकर अपने घर के मंदिर या लिविंग रूम में लगाएं। इससे कालसर्प दोष और राहु-केतु के अशुभ प्रभाव कम होते हैं और घर में शांति बनी रहती है।
दक्षिणावर्ती शंख
शास्त्रों के अनुसार, जिस घर में दक्षिणावर्ती शंख होता है, वहां दरिद्रता कभी कदम नहीं रखती। हिंदू नववर्ष पर इसकी स्थापना और नियमित पूजन से सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है। इसे मां लक्ष्मी का भाई माना जाता है, इसलिए इसकी उपस्थिति से धन का अभाव नहीं होता।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
