Khatu Shyam Mandir News : टूट गए श्रद्धा के सारे रिकॉर्ड! खाटू श्याम जी में उमड़ा 11 करोड़ भक्तों का सैलाब, राजस्थान की बदली तस्वीर
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 11:57 AM (IST)
Khatu Shyam Mandir News : राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम जी मंदिर वर्तमान में देश की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। पर्यटन विभाग और हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान के प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 11 करोड़ के पार पहुंच गई है, जिसमें खाटू श्याम जी शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।
11 करोड़ श्रद्धालुओं का नया कीर्तिमान
राजस्थान के पर्यटन विभाग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के शीर्ष 10 मंदिरों में बीते एक साल में रिकॉर्ड 11 करोड़ भक्तों ने दर्शन किए हैं। इस सूची में बाबा श्याम का दरबार पहले नंबर पर है, जहां साल भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। अकेले खाटू श्याम मंदिर में ही लगभग 2.54 करोड़ से अधिक लोगों ने हाजिरी लगाई है।
वैष्णो देवी और शिरडी को दी कड़ी टक्कर
खाटू श्याम जी की लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी है कि अब यहां आने वाले भक्तों की संख्या जम्मू के माता वैष्णो देवी और महाराष्ट्र के शिरडी साईं बाबा मंदिर के वार्षिक आंकड़ों को भी टक्कर दे रही है। 'हारे के सहारे' की महिमा के चलते न केवल उत्तर भारत, बल्कि दक्षिण भारत और विदेशों से भी लोग यहाँ पहुँच रहे हैं।
स्थानीय अर्थव्यवस्था में उछाल
श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ ने खाटू नगरी की सूरत बदल दी है। होटल, धर्मशालाओं और स्थानीय बाजारों का टर्नओवर कई गुना बढ़ गया है। रींगस से खाटू तक के मार्ग पर हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी और सरकार अब ₹100 करोड़ से अधिक के विकास प्रोजेक्ट्स और बेहतर कचरा प्रबंधन प्रणालियों पर काम कर रही है।
फाल्गुन मेले की तैयारी
साल 2026 का लक्खी मेला (फाल्गुन मेला) फरवरी के अंत में शुरू होने वाला है। अनुमान है कि इस बार केवल मेले के 10-12 दिनों के भीतर ही 50 से 70 लाख श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने विशेष 'जिगजैग' कतारें और विशाल होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
