Khatu Shyam Lakhi Mela 2026 : बाबा श्याम के दर्शन के लिए इस बार तय करना होगा 38 Km लंबा पैदल सफर, जानें पूरा रूट प्लान
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 10:19 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Khatu Shyam Lakhi Mela 2026 : विश्वविख्यात बाबा श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। मेले को लेकर प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार श्रद्धालुओं की संभावित रिकॉर्ड भीड़ को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था को पहले से अधिक सुव्यवस्थित बनाया गया है। बाबा के दरबार तक पहुंचने के लिए भक्तों को खाटूधाम कस्बे में बनाए गए छह प्रमुख ब्लॉकों से होकर गुजरना होगा, जिससे मुख्य द्वार तक पहुंचने में उन्हें लंबी पैदल दूरी तय करनी पड़ेगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए पूरे क्षेत्र को अलग-अलग जोनों में बांटा गया है। इन ब्लॉकों से आगे बढ़ते हुए श्रद्धालु पहले 40 फीट चौड़े मार्ग पर पहुंचेंगे और फिर 75 फीट चौड़े, 14 कतारों वाले मुख्य मेला मैदान में प्रवेश करेंगे। यहां से सभी भक्त व्यवस्थित कतारों में धीरे-धीरे मंदिर की ओर बढ़ेंगे। चारण मेला मैदान में इस बार अतिरिक्त दबाव को देखते हुए एक और ब्लॉक जोड़ा गया है, जिससे कुल संख्या बढ़ाकर सात कर दी गई है।
रींगस रोड स्थित श्याम वाटिका के पीछे लगभग 40 बीघा क्षेत्र में तीन अतिरिक्त बैकअप ब्लॉक भी तैयार किए गए हैं। जब लखदातार और चारण मेला मैदान में क्षमता से अधिक भीड़ हो जाएगी, तब इनका उपयोग किया जाएगा। पदयात्रियों को रींगस से खाटूधाम तक लगभग 38 किलोमीटर पैदल चलना होगा। इस पूरे मार्ग को सुरक्षा कारणों से ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खाटू पहुंचने के बाद भी श्रद्धालुओं को सीधे दर्शन नहीं मिलेंगे। छह ब्लॉकों के भीतर लगभग 18 किलोमीटर लंबा घुमावदार (जिगजैग) मार्ग तैयार किया गया है, जिससे होकर ही भक्त मंदिर तक पहुंच पाएंगे। लखदातार मैदान में रोशनी, रंग-रोगन और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवकों की व्यापक तैनाती की जाएगी।
