Khatu Shyam Mela 2026 : खाटूधाम में दिखेगा अद्भुत दिव्य दृश्य ! जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर सजेगा श्याम दरबार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 10:41 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Khatu Shyam Mela 2026 :  खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम का प्रसिद्ध वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक आयोजित होगा। इस भव्य आयोजन को लेकर श्री श्याम मंदिर कमेटी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार मंदिर को खास थीम के आधार पर सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक नया और दिव्य अनुभव मिल सके।

मंदिर परिसर को जगन्नाथ मंदिर और श्याम दरबार की शैली में सजाया जा रहा है। प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है। मुख्य द्वार पर हाथियों की भव्य झांकी तैयार की जा रही है, जिसके नीचे से होकर भक्त बाबा के दरबार तक पहुंचेंगे। इसके साथ ही भगवान विष्णु, ब्रह्मा, शिव, श्रीकृष्ण और हनुमान सहित कई देवी-देवताओं की सजीव प्रतीत होने वाली प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। परिसर में हाथी, शेर और अन्य पौराणिक पात्रों की झांकियां भी सजाई जा रही हैं।

इस बार की सजावट में महाभारत काल के दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देंगे। थर्माकोल, बांस, कपड़े, जरी और कृत्रिम फूलों से पूरे परिसर को दिव्य रूप दिया जा रहा है। कमेटी का दावा है कि इस वर्ष की सजावट पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक होगी।

विशेष सजावट के लिए करीब 120 बंगाली कारीगर दिन-रात कार्य कर रहे हैं। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के खाटूधाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और मंदिर कमेटी मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

भव्य सजावट, पौराणिक झांकियों और भक्तिमय वातावरण के बीच इस वर्ष का फाल्गुनी लक्खी मेला श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव बनने की तैयारी में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News