Kanya Sankranti: सूर्य का गोचर इन राशियों के लिए रहेगा विशेष फलदायी !

punjabkesari.in Friday, Sep 15, 2023 - 10:40 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kanya Sankranti 2023: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जिस दिन सूर्य राशि परिवर्तन करता है, उसे संक्रांति कहते हैं। हर माह सूर्य ग्रह अलग-अलग राशियों में विराजमान रहते हैं और जिस राशि में गोचर करते हैं, उस नाम से संक्रांति मनाई जाती है। इस बार वर्ष 2023 में 17 सितंबर को सूर्य कन्या राशि में गोचर करेंगे। जिस वजह से इस दिन कन्या संक्रांति मनाई जाएगी। कन्या संक्रांति का पर्व विशेष तौर पर उड़ीसा और बंगाल में मनाया जाता है। बता दें कि कन्या संक्रांति के दिन को विश्वकर्मा पूजा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। पितृ तर्पण, दान, धर्म और स्नान के लिए ये दिन बहुत खास है। ग्रहों का गोचर हर राशि के लिए कुछ न कुछ नकारात्मक और सकारात्मक परिणाम लेकर आता है। तो चलिए जानते हैं इस बार सूर्य का गोचर 12 राशियों के लिए कैसा परिणाम लेकर आया है।

PunjabKesari Kanya Sankranti

मेष राशि: शास्त्रों के अनुसार मेष राशि के लिए ये गोचर काफी शुभ रहने वाला है। हर कार्य में सफलता प्राप्त होगी। हो सकता है जो आपके शत्रु हैं, वो दोस्त बन जाएं। अगर परीक्षा देना चाहते हैं तो ये समय आपके लिए बहुत अच्छा है, कामयाबी हाथ लग सकती है।

वृष राशि: वृष राशि के जातकों के लिए यह गोचर शुभ नहीं है। कार्यक्षेत्र में हर काम को बहुत ही संभल कर करें। शरीर से ज्यादा मानसिक स्वास्थ्य पर अधिक तवज्जो दें। अपने से बड़े अधिकारी के साथ किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो सकती है। सेहत सही रहेगी।

मिथुन राशि: मिथुन राशि के लिए ये परिवर्तन ठीक-ठाक ही रहेगी। किसी बात को लेकर घर में लड़ाई-झगड़ा हो सकता है। मानसिक तनाव होने की सम्भावना है। कानूनी मामलों से दूरी बनाए रखें। जमीन-जायदाद के काम संभल कर करें।

कर्क राशि: इस गोचर से कर्क राशि के बढ़िया दिन शुरू हो जाएंगे। चारों तरफ से धन की प्राप्ति होगी। अगर किसी प्रतियोगिता में भाग लिया है तो जीत संभव है। छात्रों को पढ़ाई के क्षेत्र में बढ़िया फल प्राप्त होंगे। यह राशि परिवर्तन नौकरी में आगे बढ़ने का मौका देगा। बड़े लोगों से जान-पहचान समाज में मान-सम्मान बढ़ाएगी।

सिंह राशि: सूर्य का यह गोचर सिंह राशि के जातकों के लिए बढ़िया नहीं है। घर-परिवार में अशांति का माहौल बना रहेगा। आर्थिक दशा थोड़ी खराब हो सकती है। सूर्य का यह परिवर्तन आपके स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव ड़ाल सकता है।

कन्या राशि: कन्या राशि के जातकों को इस गोचर की वजह से धन से जुड़ी समस्या से जूझना पड़ सकता है। ऑफिस में छोटी-मोटी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। किसी की कोई बात आपके मान-सम्मान को ठेस पहुंचा सकती है।

PunjabKesari Kanya Sankranti

तुला राशि: तुला राशि के जातकों को लंबी यात्राओं पर जाना पड़ सकता है। यह गोचर इस राशि के जातकों को ज्यादा सफर करवाएगा। कार्यक्षेत्र में किसी काम को लेकर तनातनी चलती रहेगी। निजी कार्य को पूरा करने के लिए मेहनत करनी पड़ेगी।

वृश्चिक राशि: इस राशि के जातकों के लिए यह गोचर शुभ फल लेकर आया है। पैसों से जुड़ी हर समस्या से निजात मिलेगा। मान-सम्मान में भी वृद्धि देखने को मिलेगी। आपकी बातचीत से काफी लोग प्रभावित होंगे।

धनु राशि: यह गोचर धनु राशि के जातकों के लिए शुभ रहेगा। व्यापार में वृद्धि संभव है। नौकरी के लिए नए अवसर प्राप्त होंगे। यदि पहले से जॉब कर रहे हैं तो  प्रमोशन होने की संभावना है। आर्थिक संकट से छुटकारा मिलेगा। रुके हुए कार्यों में गति आएगी।

मकर राशि: मन किसी बात को लेकर चिड़चिड़ा हो सकता है। कार्यक्षेत्र में विवाद बढ़ सकता है, वाणी पर नियंत्रण रखें। धन हानि होने की सम्भावना है। अगर किसी जगह निवेश कर रहे हैं तो सोच-समझ कर करें।

कुंभ राशि: कुम्भ राशि के जातक मानसिक परेशानियों से घिरे रहेंगे। सेहत भी ठीक-ठाक रहेगी। न चाहते हुए भी कानूनी मामले में फंस जाएंगे। आर्थिक परेशानियों को दूर करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ेगी।

मीन राशि: मीन राशि के जातक वैवाहिक जीवन में थोड़ी सावधानी बरतें। यह गोचर परेशानियां लेकर आ सकता है। सेहत में अचानक से कुछ नकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। नौकरीपेशा लोग अपने लक्ष्य से न भटकें।

PunjabKesari Kanya Sankranti

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News