Inspirational Story: ईश्वर में विश्वास रखने वाला व्यक्ति सदा रहता है खुश

punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2025 - 12:52 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Inspirational Story: चार साल से किशनगढ़ गांव में बारिश की एक बूंद तक नहीं पड़ी थी। सभी बड़े परेशान थे। हरिया भी अपने बीवी-बच्चों के साथ जैसे-तैसे समय काट रहा था। एक दिन बहुत परेशान होकर वह बोला, ‘‘अरी ओ मुन्नी की मां, जरा बच्चों को लेकर पूजा घर में तो आओ।’’

PunjabKesari Inspirational Story

बच्चों की मां 6 साल की मुन्नी और 4 साल के राजू को लेकर पूजा घर में पहुंची। हरिया हाथ जोड़ कर भगवान के सामने बैठा था, वह रुंधे हुए स्वर में अपने आंसू छिपाते हुए बोला, ‘‘सुना है भगवान बच्चों की जल्दी सुनता है, चलो हम सब मिल कर ईश्वर से बारिश के लिए प्रार्थना करते हैं।’’

सभी अपनी-अपनी तरह से बारिश के लिए प्रार्थना करने लगे। मुन्नी मन ही मन बोली, ‘‘भगवान जी मेरे बाबा बहुत परेशान हैं, आप तो सब कुछ कर सकते हैं, हमारे गांव में भी बारिश कर दीजिए न।’’

पूजा करने के कुछ देर बाद हरिया उठा और घर से बाहर निकलने लगा।

‘‘आप कहां जा रहे हैं बाबा?’’ मुन्नी बोली।

‘‘बस ऐसे ही खेत तक जा रहा हूं बेटा।’’ हरिया बाहर निकलते हुए बोला, ‘‘अरे रुको-रुको। अपने साथ ये छाता तो लेते जाओ।’’ 

मुन्नी दौड़ कर गई और कुंडी पर टंगा छाता ले आई।

छाता देख कर हरिया बोला, ‘‘अरे, इसका क्या काम? अब तो शाम होने को है। धूप तो जा चुकी है।’’

मुन्नी मासूमियत से बोली, ‘‘अरे बाबा अभी थोड़ी देर पहले ही तो हमने प्रार्थना की है। कहीं बारिश हो गई तो?’’

PunjabKesari Inspirational Story

मुन्नी का जवाब सुन हरिया स्तब्ध रह गया। कभी वह आसमान की तरफ देखता तो कभी अपनी बिटिया के भोले चेहरे की तरफ।
उसी क्षण उसने महसूस किया जैसे कोई आवाज उससे कह रही हो, ‘‘प्रार्थना करना अच्छा है लेकिन उससे भी जरूरी है इस बात में यकीन रखना कि तुम्हारी प्रार्थना सुनी जाएगी और फिर उसी के मुताबिक काम करना।’’

हरिया ने फौरन अपनी बेटी को गोद में उठा लिया, उसके माथे को चूमा और छाता अपने हाथ में घुमाते हुए आगे बढ़ गया।

शिक्षा : हम सभी प्रार्थना करते हैं लेकिन अपनी प्रार्थना में विश्वास नहीं करते और ऐसे में हमारी प्रार्थना वास्तविकता में नहीं बदलती। सभी धर्मों में विश्वास की शक्ति का उल्लेख है, कहते भी हैं कि दृढ़ विश्वास हो तो इंसान पहाड़ भी हिला सकता है इसलिए अपनी पूजा को सही मायने में सफल होते देखना चाहते हैं तो ईश्वर में विश्वास रखें और ऐसे भाव करें, मानो आपकी प्रार्थना सुनी ही जाने वाली हो और जब आप लगातार ऐसा करेंगे तो भगवान आपकी जरूर सुनेगा।

PunjabKesari Inspirational Story


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News